पूर्व जत्थेदार ने 1984 के लापता दस्तावेजों पर उठाए सवाल:अमृतसर में की प्रेस कॉन्फ्रेंस, गृहमंत्री को पत्र लिख रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

अमृतसर में सिख धर्म से जुड़े ऐतिहासिक और संवेदनशील मुद्दों पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार और श्री हरिमंदिर साहिब के पूर्व हेड ग्रंथी ज्ञानी रघुबीर सिंह ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 1984 से जुड़े मामलों पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने विशेष रूप से सिख रेफरेंस लाइब्रेरी से गायब हुए ऐतिहासिक दस्तावेजों और पवित्र ग्रंथों से संबंधित मुद्दे को फिर से सामने रखा। ज्ञानी रघुबीर सिंह का कहना है कि 1984 में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान श्री दरबार साहिब परिसर को भारी नुकसान पहुंचा था। उस समय कई दुर्लभ हस्तलिखित बीड़ें, ऐतिहासिक हुकमनामे और महत्वपूर्ण दस्तावेज लापता हो गए थे। इस मामले को लेकर उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट जानकारी और आधिकारिक स्पष्टीकरण की मांग की है। उनका कहना है कि अलग-अलग समय पर यह दावा किया गया कि कुछ सामग्री वापस कर दी गई, लेकिन अभी तक इस पर पूरी तरह से स्पष्टता नहीं है। सरकारी रिकॉर्ड और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले से जुड़ी सभी जांच रिपोर्ट और सरकारी रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएं, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उनका कहना है कि यह केवल धार्मिक नहीं बल्कि ऐतिहासिक और भावनात्मक मुद्दा है, जो पूरी सिख समुदाय की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। संगत में चिंता, सरकार से स्पष्टीकरण की उम्मीद इस बयान के बाद सिख संगत में एक बार फिर चिंता और चर्चा का माहौल बन गया है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार इस मामले पर जल्द ही स्पष्ट रुख अपनाएगी और लंबे समय से चले आ रहे सवालों का जवाब दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *