करनाल में इलाज के दौरान 2 व्यक्तियों की मौत:पिकअप और ट्रक की टक्कर का मामला; यूपी से पंजाब जा रहे थे

हरियाणा के करनाल नेशनल हाईवे तरावड़ी टी-पॉइंट पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा छोटा हाथी बेकाबू होकर ट्रक से टकरा गया था। वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है। ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हादसा जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे एक ट्रक करनाल से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। उसके पीछे-पीछे छोटा हाथी चल रहा था, जिसमें 20-25 मजदूर, महिलाएं और बच्चे सवार थे। सभी उत्तर प्रदेश के बदायूं से होशियारपुर (पंजाब) काम के लिए जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन तरावड़ी टी-पॉइंट के पास पहुंचे, ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रहा छोटा हाथी संतुलन खो बैठा और ट्रक की साइड में जा टकराया। दो व्यक्तियों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे और 5-6 अन्य को चोटें आई थी। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीती रात 38 वर्षीय सुरेश और 36 वर्षीय मिजाज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे गंभीर घायल को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। बेटे ने बताया हादसे का मंजर मृतक मिजाज के छह बच्चे हैं, जिनमें पांच लड़कियां और एक लड़का शामिल है। वहीं सुरेश के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। सुरेश के बेटे ने बताया कि मिजाज वाहन में आगे बैठे हुए थे, जबकि उनके पिता सुरेश पीछे बैठे थे। अचानक ट्रक ने ब्रेक लगाए और जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की जांच शुरू, ड्राइवर फरार एएसआई हरविश ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और एक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक और छोटा हाथी को कब्जे में ले लिया है। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *