फरीदकोट के गांव पक्का में 64 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए खेल स्टेडियम का सोमवार शाम पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट भी वितरित कीं और युवाओं को नशों से दूर रहकर खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान स्पीकर संधवां ने कहा कि आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार ने चुनावों के दौरान किए गए अपने वादों और गारंटियों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भले ही नशा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन इस पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में गांवों में खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। चोटिल खिलाड़ियों का स्पोर्ट्स मेडिकल सेंटर में होगा इलाज-स्पीकर संधवां इस मौके पर स्पीकर संधवां ने बताया कि पूरे पंजाब में ऐसे लगभग 3100 खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है, जिसके तहत गांव पक्का में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम तैयार किया गया है। साथ ही खिलाड़ियों के लिए फरीदकोट में स्पोर्ट्स मेडिकल सेंटर भी बनाया जा रहा है जहां पर खेल के दौरान चोटिल होने वाले खिलाड़ियों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य गांवों में भी इस तरह के प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। 8 मई को श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा तलब किए जाने के मुद्दे पर संधवां ने कहा कि वह नंगे पैर वहां जाकर अपना पक्ष रखेंगे।