प्रेम प्रसंग में फरार युवती आरा से बरामद:गरहां थाना क्षेत्र से लापता युवती मिली, सोशल मीडिया पर शुरू हुआ था प्यार

मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र से इंस्टाग्राम के जरिए प्रेम प्रसंग में फरार हुई एक युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। न्यायालय के आदेश पर युवती को उसके ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया। यह घटना करीब एक माह पहले कफेन चौधरी गांव में हुई थी। लगभग एक माह पूर्व कफेन चौधरी गांव की यह युवती अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर युवती की मां ने गरहां थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस एफआईआर में कई लोगों को नामजद किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। गरहां थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि युवती का प्रेम प्रसंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से शुरू हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह संबंध प्रेम प्रसंग में बदल गया। इसी दौरान युवती अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने युवती को बिहार के आरा जिले से सकुशल बरामद किया। बरामदगी के बाद युवती से पूछताछ की गई और उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मंगलवार देर शाम न्यायालय में पेशी के दौरान युवती ने अपने ससुराल जाने की इच्छा जाहिर की। युवती के बयान को ध्यान में रखते हुए न्यायालय ने उसे उसके ससुराल पक्ष को सौंपने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने विधि-सम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए युवती को उसके ससुराल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *