नारनौल में 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध मौत:कमरे में मिला शव, गर्दन पर मिले निशान, टूटी रस्सी बरामद; पुलिस ने शुरू की जांच

हरियाणा के नारनौल शहर के मोहल्ला नई सराय निवासी एक 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दलीचन्द के रूप में हुई है, जो तंदूर का काम करता था और 3 मई को काम के सिलसिले में कोटपुतली (राजस्थान) गया हुआ था। मृतक के भाई वेद के अनुसार बीती शाम करीब 5 से 5:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि दलीचन्द टहला रोड स्थित शराब के ठेके के पास बने एक कमरे में फर्श पर गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे घर ले आए, जहां जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। गर्दन में थे चोट के निशान परिजनों ने बताया कि शरीर की जांच के दौरान गर्दन पर निशान दिखाई दिए, जिसके बाद वे शव को नागरिक अस्पताल नारनौल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस को मिली रस्सी सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण करने के साथ घटनास्थल का भी जायजा लिया। पुलिस जांच में कमरे की छत पर लगी बांस की लकड़ी से बंधी रस्सी मिली, जिसका एक सिरा टूटा हुआ था। प्रारंभिक जांच में मृतक की गर्दन पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह कमरा अमरपुर जोरासी निवासी सुन्दर लाल का है, जहां मृतक पिछले दो दिनों से रह रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि मौत के असली कारणों का पता लगाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *