सारण के तरैया थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में तिलक समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मामूली विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की गुरुवार को पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा-2 एसडीपीओ, थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। देखें, मौके से आई तस्वीर… सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… ममेरी बहन की शादी में आया था डुमरी मृतक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के सरयुगपार गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 28 वर्षीय पुत्र बीरबल प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बीरबल अपनी ममेरी बहन के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए डुमरी गांव आया था। बुधवार रात गांव में महंथ दास के बेटे का तिलक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। बारिश में भीगने को लेकर हुई थी कहासुनी इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए समारोह में मौजूद लोग पास के एक मकान में शरण लेने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बीच गांव के युवक रोहित और बीरबल प्रसाद के बीच बारिश में भीगने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रोहित ने गुस्से में आकर बीरबल पर चाकू से हमला कर दिया। परिजन बीरबल को लेकर अस्पताल पहुंचे,रेफर हमले के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल बीरबल को तरैया रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के भाई भी घायल घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के भाई शंकर दास भी घायल हो गए। उनका इलाज तरैया रेफरल अस्पताल में कराया गया। शंकर दास ने बताया कि मामूली बहस अचानक हिंसक झड़प में बदल गई और देखते ही देखते पूरा समारोह मातम में बदल गया। एसडीपीओ बोले-मामले की जांच शुरू कर दी घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा-2 एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु, थानाध्यक्ष धीरज कुमार और अपर थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। ममेरी बहन के तिलक समारोह में शामिल होने आए बीरबल की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।