हरियाणा निकाय चुनाव, BJP नेता का बयान वायरल:कुंवारों से पेंशन का वादा कर रहे; कह रहे- शादी बिमला कराएंगीं, पेंशन मैं बनवाऊंगा

हरियाणा निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता अपने बयानों को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। पटौदी से बीजेपी विधायक विमला चौधरी के कुंवारों की शाादी कराने के बयान के बाद अब एक और भाजपा नेता का बयान वायरल हो रहा है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष और परिवार पहचान पत्र (PPP) के स्टेट कोर्डिनेटर सतीश खोला ने कुंवारों की पेंशन को लेकर अनोखा वादा कर दिया है। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा है कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी कुंवारे भाजपा को वोट दें, उनकी पेंशन बनवाने का काम वह करवाएंगे। इस बयान ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। क्या बोले खोला बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश खोला ने कहा, मैंने जो भी कहा है मैं उसे पूरा भी करूंगा। 45 साल या उससे ऊपर के लोगों की अविवाहित (लड़का-लड़की) पेंशन योजना हमारी सरकार पहले से ही चला रही है। मैंने तो लोगों को सिर्फ सरकार की योजना की जानकारी दी है। इसको कोई किस रूप में लेता है ये उसके विवेक पर निर्भर करता है। वोटरों के लुभाने के लिए नेता कर रहे वादा हरियाणा के लोकल बॉडी चुनावों में नेताओं के बयान इस बार चर्चा का बड़ा विषय बने हुए हैं। चुनावी माहौल में वोटरों को लुभाने के लिए अलग-अलग तरह के वादे किए जा रहे हैं, लेकिन रेवाड़ी और पटौदी क्षेत्र में भाजपा नेताओं द्वारा कुंवारों को लेकर दिए गए बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं।

बीजेपी MLA दे चुकी यें बयान पटौदी की विधायक विमला चौधरी ने एक जनसभा में कहा कि अगर लोग भाजपा को वोट देंगे तो वह रेवाड़ी के सभी कुंवारों की शादी करवाने की जिम्मेदारी लेंगी। उनके इस बयान के बाद सभा में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और यह बयान तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे चुनावी मजाक और हल्के अंदाज की राजनीति बताया, जबकि विपक्ष ने इसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला बयान करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *