बठिंडा में सड़क हादसे में पिता की मौत:बेटी गंभीर रूप से घायल, स्कूटी फिसलने से रोड रोलर की चपेट आए

बठिंडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी फिसलने से पिता-पुत्री रोड रोलर की चपेट में आ गए। इस घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 9 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा गणेशा बस्ती की गली नंबर 9 में हुआ। जानकारी के अनुसार, विशाल गुप्ता अपनी बेटी मन्नत के साथ स्कूटी पर जा रहे थे। गली नंबर 9 में घर के बाहर बने रैंप पर बजरी बिखरी होने के कारण उनकी स्कूटी अचानक फिसल गई। स्कूटी चालक विशाल गुप्ता और उनकी बेटी सड़क पर गिर गए। उसी समय गली में सड़क निर्माण कर रहा एक रोड रोलर, जो पीछे की ओर चल रहा था, उन दोनों के ऊपर से गुजर गया। युवक का सिर कुचला रोड रोलर की चपेट में आने से विशाल गुप्ता का सिर कुचल गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी मन्नत भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के स्वयंसेवक सुमित महेश्वरी, राजविंदर, गौतम शर्मा और आकाश गर्ग मौके पर पहुंचे। संस्था की टीम ने घायल बच्ची को पहले एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को एंजेल अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान बठिंडा निवासी विशाल गुप्ता पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक कार्यवाही के बाद संस्था की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना सिविल लाइन के एसएचओ रविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली है और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *