मोगा जिले के जैमलवाला गांव में एक अनपढ़ व्यक्ति से 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद गांव जैमलवाला निवासी बूटा सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है। जैमलवाला निवासी सुखदेव सिंह ने जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि बूटा सिंह ने अलग-अलग समय पर विभिन्न जमीनों के इकरारनामे उनके हक में करवाए थे। इन सौदों के दौरान गवाहों की मौजूदगी में करीब 12 लाख 25 हजार रुपए दिए गए थे। पीड़ित बोले- मेरे अनपढ़ता का फायदा उठाया सुखदेव सिंह का आरोप है कि वह अनपढ़ हैं और बूटा सिंह ने उनकी अनपढ़ता का फायदा उठाया। आरोपी ने उन्हें भरोसे में लेकर धोखे से 4 लाख रुपए वापस नहीं किए। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी लगातार उन्हें गुमराह करता रहा और पैसे लौटाने के नाम पर टालमटोल करता रहा। जब काफी समय तक रकम वापस नहीं मिली, तो सुखदेव सिंह ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। जिला पुलिस अधीक्षक के आदेशों पर डी.एस.पी. हैडक्वार्टर ने मामले की जांच की। जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद थाना बाघापुराना पुलिस ने बूटा सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।