DJ नाइट पर वीडियोग्राफर को लगी गोली, VIDEO:रोहतक में दूल्हे का पिता हर्ष फायरिंग कर रहा था; नाचते हुए हवा में पिस्टल लहराई

रोहतक में दूल्हे के पिता ने डीजे नाइट पर हर्ष फायरिंग की। डांस कर रहे मेहमानों का वीडियो बना रहे वीडियोग्राफर को एक गोली जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली बाजू से होते हुए छाती तक पहुंच गई। फिलहाल युवक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह पानीपत से रोहतक शादी का वीडियो बनाने के लिए गया था। युवक ने आर्य नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अनफिट होने की वजह से पुलिस अभी तक उसके बयान दर्ज नहीं कर पाई है। पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कारोबारी फायरिंग करते हुए दिख रहा है। इस घटना को लेकर जब दैनिक भास्कर ने कारोबारी लाजपत राय तागरा से उनका पक्ष जानने की कोशिश की, तो उनके घर से किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाकर बताया कि लाजपत घर पर नहीं हैं। जानिए, फोटोग्राफर ने क्या बताया…. 9 मई की रात को रोहतक गए घायल की पहचान पानीपत के नूरवाला निवासी अंकित रोहिल्ला के रूप में हुई है। मॉडल टाउन स्थित एक फोटो स्टूडियो के मालिक मधुर गिरधर ने बताया कि रोहतक की चिन्योट कॉलोनी निवासी हैंडलूम कारोबारी लाजपत राय तागरा ने उनसे जनवरी में एक रिश्तेदार की शादी में काम देखने के बाद संपर्क किया था। 9 मई की रात वह अपने साथ फ्री-हैंड वीडियोग्राफर अंकित को लेकर रोहतक में उनके घर पहुंचे थे। 8 लोग डीजे पर नाच रहे थे, तभी गोली चली मधुर ने बताया कि जब यह हादसा हुआ, तब डीजे पर करीब 8 लोग नाच रहे थे और आसपास 50 से अधिक मेहमान मौजूद थे। गोली चलते ही संगीत बंद हो गया और मेहमान इधर-उधर भागने लगे। अंकित के बाजू में गोली लगने के बाद उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अंकित की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। छाती की तरफ पहुंची गोली मधुर ने बताया कि शुरुआत में माना जा रहा था कि गोली केवल बाजू में लगी है, लेकिन डॉक्टरों द्वारा किए गए एक्सरे में साफ हुआ कि गोली लगने के बाद शरीर के अंदरूनी हिस्से में चली गई है। एक्सरे में गोली छाती की तरफ दिखाई दी, जिसे ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने निकाल दिया। अब जानिए वीडियो में क्या दिख रहा… काफी देर तक पिस्टल लहराई वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लाजपत राय तागरा अपने बेटे मयंक की शादी से पहले डीजे नाइट पर परिवार की महिलाओं के साथ डांस कर रहे थे। जश्न के दौरान लाजपत के एक बाजू में पिस्टल थी, जिसे वह हवा में लहराते हुए काफी देर तक डांस फ्लोर पर घूमते रहे। जमीन पर तरफ करते ही गोली चली रात 9:31 बजे उन्होंने पहली बार हवा में फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण गोली नहीं चली। इसके बाद भी वह नहीं रुके और लगातार पिस्टल को लोड करने की कोशिश करते रहे। करीब 10 मिनट बाद जब उन्होंने पिस्टल को जमीन की तरफ झुकाकर दोबारा ट्रिगर दबाया, तो गोली चल गई और सीधे सामने खड़े वीडियोग्राफर अंकित के बाजू में जा लगी। SHO बोले- अभी वीडियोग्राफर अनफिट रोहतक के आर्य नगर थाना प्रभारी नरेश राठी ने बताया कि पुलिस के पास घटना की पूरी जानकारी और वीडियो उपलब्ध है। वीडियोग्राफर अंकित अभी अनफिट (बयान देने की स्थिति में नहीं) है। जैसे ही डॉक्टरों की तरफ से उसे फिट घोषित किया जाएगा, उसके बयान दर्ज किए जाएंगे और आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *