अमृतसर में भारत-पाक सीमा के पास युवक पकड़ा:ओडिशा का रहने वाला, फेंसिंग के नजदीक घूम रहा था; BSF-खुफिया एजेंसियां पूछताछ में जुटीं

अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यह घटना अमृतसर ग्रामीण जिले के थाना रमदास क्षेत्र के अंतर्गत बीओपी दरिया मनसूर के पास हुई। 117वीं बटालियन बीएसएफ के जवान सीमा पर नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा की फेंसिंग के नजदीक एक व्यक्ति को संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा। उसकी गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही थीं, जिसके बाद जवानों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे रुकने का इशारा किया। कुछ ही देर में उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। सुरक्षा एजेंसियां कर रही जांच पकड़े गए व्यक्ति की पहचान आदित्य मलिक, पुत्र देबा मलिक निवासी ओडिशा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह सीमावर्ती क्षेत्र में कैसे और क्यों पहुंचा। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि उसकी उपस्थिति केवल भटकने का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य छिपा हो सकता है। पुलिस और अन्य खुफिया एजेंसियों के हवाले किया घटना के बाद व्यक्ति को बीएसएफ ने स्थानीय पुलिस और अन्य खुफिया एजेंसियों के हवाले कर दिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि उसकी गतिविधियों, यात्रा के उद्देश्य और सीमा क्षेत्र में मौजूदगी के कारणों का पता लगाया जा सके। घुसपैठ या तस्करी नेटवर्क की आशंका पर जांच तेज सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इस घटना का संबंध किसी अवैध घुसपैठ या तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *