सोनीपत में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन मंगलवार को और उग्र रूप में सामने आया, जब नगर निगम कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई।
सुबह करीब 7 बजे से ही नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट और रेलवे रोड के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने रेलवे रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। जिसके चलते आम लोगों और रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन ड्राइवरों की पुलिसकर्मियों के साथ बहस भी देखने को मिली। वहीं कर्मचारी लगातार प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रशासन को भेजनी पड़ी बुलडोजर नगर निगम कार्यालय के सामने पिछले कई दिनों से लगे कूड़े के ढेर को हटाने के लिए प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के बीच सफाई अभियान शुरू करवाया। जैसे ही कूड़ा हटाने के लिए बुलडोजर मशीन मौके पर पहुंची, धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी विरोध में मशीन के आगे लेट गए। कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कूड़ा हटाने का विरोध किया। बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रशासन को बुलडोजर मशीन वहां से हटाकर दूसरी जगह भेजनी पड़ी। बस स्टैंड और गीता भवन पहुंचे कर्मचारी धरना दे रहे कर्मचारियों को सूचना मिली कि शहर के बस स्टैंड और गीता भवन क्षेत्र में भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी वहां भी पहुंच गए और सफाई कार्य का विरोध शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक शहर में किसी भी प्रकार का सफाई अभियान नहीं चलने दिया जाएगा। गिरफ्तारी की धमकी, कर्मचारियों का आरोप कर्मचारी प्रधान भारत ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने आंदोलन को दबाने के लिए भारी पुलिस बल बुलाया था। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को गिरफ्तारी की धमकियां दी गईं, लेकिन कर्मचारियों ने एकजुट होकर गिरफ्तारी देने का ऐलान कर दिया। कर्मचारियों की एकता और विरोध को देखते हुए पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद सभी कर्मचारी दोबारा नगर निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। निगम कार्यालय के बाहर लगाए विरोधी बैनर धरने के दौरान नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर लगे बोर्ड के नीचे बीजेपी विरोधी और मेयर प्रत्याशी राजीव जैन के खिलाफ बैनर भी लगाए गए। कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर लगातार तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सोमवार को कर्मचारियों ने लगाया था कूड़े का ढेर इससे पहले सोमवार को भी सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम कमिश्नर कार्यालय के सामने और रेलवे रोड पर कूड़े के ढेर लगा दिए थे। प्रदर्शन इतना उग्र हो गया था कि नगर निगम कमिश्नर को अपनी गाड़ी बाहर छोड़कर पैदल कार्यालय के अंदर जाना पड़ा। कर्मचारियों ने अधिकारियों के वाहनों का रास्ता भी रोक दिया था। वहीं शहर के कई इलाकों में पिछले कई दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण लोगों को बदबू और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।