गुरुग्राम में एक्सटॉर्शन के बाद एल्विश के घर कड़ी सुरक्षा:हथियारों से लैस पुलिस जवान तैनात, लॉरेंस गैंग द्वारा धमकी देने का आरोप

गुरुग्राम शहर में सेक्टर-56 में रहने वाले मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ विजेता एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई विवाद नहीं, बल्कि उनकी जान पर मंडराता खतरा है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रणदीप मलिक द्वारा एक्सटॉर्शन की मांग और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने एल्विश के सेक्टर-56 स्थित आवास को एक सुरक्षित किले में तब्दील कर दिया गया है। यहां पांच-छह हथियारों से लैस पुलिस जवानों की ड्यूटी है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई है। वहां से गुजरने वाले संदिग्धों और अनजान व्यक्तियों की कड़ी निगरानी की जा रही है और बिना ठोस कारण के किसी को भी परिसर के समीप ठहरने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस का कड़ा पहरा, चौबीसों घंटे गश्त धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एल्विश यादव के घर के बाहर सुरक्षा का घेरा बेहद कड़ा कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उनके घर पर पांच से छह हथियारों से लैस जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए एक विशेष बाइक राइडर दस्ता तैनात किया गया है, जो घर के आसपास की हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहा है। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) की गाड़ियों को सेक्टर-56 और एल्विश यादव के निवास के आसपास के इलाकों में निरंतर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। एक सप्ताह पहले मिली थी धमकी बताया जा रहा है कि 5 मई को एल्विश यादव को एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। जिसमें 10 करोड़ रुपए की एक्सटॉर्शन मांगी गई। इस संदेश में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधित रणदीप मलिक बताते हुए दो दिन में रकम देने या फिर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना की गंभीरता को समझते हुए एल्विश के पक्ष द्वारा तुरंत गुरुग्राम पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया। पुलिस कर रही जांच गुरुग्राम पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें धमकी भरे संदेश के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही हैं, ताकि धमकी देने वाले की पहचान सुनिश्चित की जा सके।पुलिस इस बात की भी पुष्टि करने का प्रयास कर रही है कि यह किसी गिरोह की वास्तविक धमकी है या किसी असामाजिक तत्व द्वारा भय पैदा करने का प्रयास किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। एल्विश यादव को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा है। भय पैदा करने वालों पर कार्रवाई कर रही पुलिस पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस तरह की कोई घटना नहीं है और अनावश्यक रूप से अपराधियों की गतिविधियों और उनके नाम का प्रमोट नहीं होना चाहिए। इससे पीड़ित व्यक्ति और उसके परिवार को खतरा बढ़ सकता है। अपराधिक छवि लोगों का मकसद ज्यादा से ज्यादा प्रसिद्धि पाना होता है, ताकि वे अपने नाम दिखा कर भय पैदा कर सकें। गुरुग्राम पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *