मंत्री एके शर्मा और सपा सांसद मंच पर भिड़े:राजीव राय उंगली दिखाकर बोले- आपको अहंकार चढ़ा है, ये ठीक नहीं

मऊ में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और सपा सांसद राजीव राय भिड़ गए। सोमवार को मेमू ट्रेन के उद्घाटन समारोह के मंच पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में सपा सांसद ने उंगली दिखाते हुए कहा- मंत्री जी, यह ठीक नहीं है। मैं यहां का सांसद हूं। मेरे सामने ही मेरे कार्यकर्ताओं को पुलिस धक्का दे रही है। आप मंत्री हो गए हैं तो आपको अहंकार हो गया है। यह घमंड ठीक नहीं है। मंच पर मौजूद नेताओं और अफसरों ने दोनों को शांत कराया। सपा और भाजपा कार्यकर्ता भी आपस में भिड़ गए। जमकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। किसी तरह पुलिस और आरपीएफ ने हालात संभाले। शाम 4 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हंगामे के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा- सपा की गुंडई और जबरदस्ती को जनता देख रही है। क्षेत्र में हो रहे सभी विकास कार्य भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम योगी के नेतृत्व में कराए जा रहे हैं। सपा केवल इन कार्यों का श्रेय लेने के लिए इस तरह का विरोध और हंगामा कर रही है। 3 तस्वीरें देखिए- सांसद और मंत्री क्यों आमने-सामने आए, जानिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मधुबन विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इसी बीच दोहरीघाट–औड़िहार मेमू ट्रेन को मंजूरी मिल गई। इस ट्रेन के चलने से इलाके के लोगों को सीधा फायदा होगा, क्योंकि वाराणसी की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। ट्रेन को लेकर अब श्रेय लेने की होड़ मच गई है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और घोसी के सांसद राजीव राय दोनों इसे अपनी उपलब्धी बता रहे हैं। ट्रेन के उद्घाटन से पहले ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- उन्होंने पहले ही बताया था कि मऊ-दोहरीघाट की जनता को कुछ और भी मिलेगा। इस मुद्दे पर उनकी रेल मंत्री से पहले भी बातचीत हुई थी और अब मंजूरी मिल गई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का धन्यवाद किया। घोसी सांसद राजीव राय के कार्यालय की ओर से प्रेस रिलीज जारी की गई। इसमें कहा गया कि वर्षों से लंबित दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन सेवा को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलना सांसद राजीव राय के लगातार प्रयासों का नतीजा है। सांसद ने इस मांग को लेकर कई बार रेल मंत्रालय को पत्र लिखा, संसद में मुद्दा उठाया और रेलवे अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहे। इस मांग को मंजूरी दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। जानिए पूरा मामला सपा सांसद बोले- कुछ लोग जानबूझकर हंगामा करने का प्रयास कर रहे थे
सांसद ने कहा कि घोसी के राजनीतिक इतिहास में आपसी सम्मान और सौहार्द की परंपरा रही है, लेकिन आज भाजपा के एक व्यक्ति विशेष द्वारा पोषित चंद गुंडों ने ठेके के चक्कर में इस पर काला धब्बा लगा दिया है, जिसे घोसी के लोग कभी माफ नहीं करेंगे। अगर भाजपा नेताओं में इतनी हिम्मत है कि वे जनता से चुने गए सांसद को किसी कार्यक्रम में जाने से रोक दें। सांसद ने कहा- उनकी ओर से मंच पर किसी तरह की कोई समस्या नहीं थी। कुछ लोग जानबूझकर हंगामा करने का प्रयास कर रहे थे। आप इस बात का आत्ममंथन और चिंतन करिए कि हंगामा करने वाले कौन लोग थे। ये कुछ ठेकेदार किस्म के लोग हैं, जो ठेका पाने के लिए उतावलापन दिखा रहे थे। आपने देखा कि सांसद को आगे जाने नहीं दिया जा रहा था। मुझे यहां की जनता ने 5 लाख वोटों से जिताया है और मेरे सामने गुंडे खड़े होकर नारेबाजी कर रहे थे। मेरी गाड़ी तक नहीं जाने दी गई। इन्हें शर्म आनी चाहिए। समारोह में भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़े, फायरिंग की उद्घाटन समारोह के दौरान भाजपा के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर ही फायरिंग कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। ——————————— ये खबर भी पढ़ेंः- 26 घंटे में 3 हत्याएं करने वाला साइको किलर ढेर:यूपी पुलिस बोली- आरोपी ने पिस्तौल छीनकर फायरिंग की, एनकाउंटर में मारा गया यूपी में चलती ट्रेन और अस्पताल में तीन हत्याएं करने वाला साइको किलर सोमवार देर रात पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। चंदौली SP आकाश पटेल ने बताया- पुलिस आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान उसने पुलिस अफसर की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *