पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के सीनियर सेकेंडरी के हजारों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। बोर्ड द्वारा मार्च 2026 में आयोजित की गई सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के परिणाम 13 मई 2026 को दोपहर 12:30 बजे घोषित किया जाएगा। बोर्ड के चेयरमैन बोर्ड के मुख्य कार्यालय (मोहाली) स्थित मीटिंग हॉल में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे नतीजों की आधिकारिक घोषणा करेंगे और राज्य भर की मेरिट सूची, पास प्रतिशत और टॉपर्स के नामों का विवरण साझा करेंगे। उसके बाद बाद स्टूडेंट्स पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। पीएसईबी के चेयरमैन डॉ अमरपाल सिंह ने कहा कि रिजल्ट की घोषणा के साथ ही सभी स्टूडेंट्स का रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.pseb.ac.in पर जाकर अपना रोल नंबर दर्ज कर चेक कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परिणाम की घोषणा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही चेयरमैन ने स्टूडेंट्स के लिए हेल्पलाइन नंबर- 9549-161-161 जारी किया है। उन्होंनें परीक्षा में फेल या कम नंबर आने वाले स्टूडेंट्स को विचलित न होने की सलाह दी है। इस साल 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 4 अप्रैल तक हुईं जिसमें 2.65 लाख के करीब स्टूडेंट्स शामिल हुए। मार्कशीट अंतिम सफलता का पैमाना नहीं- चेयरमैन पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ अमरपाल सिंह ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने स्टूडेंट्स को सलाह देते हुए कहा कि मार्कशीट जीवन की अंतिम सफलता का पैमाना नहीं होती। परीक्षा के परिणाम केवल जीवन के अगले पड़ाव की ओर एक कदम हैं। स्टूडेंट्स से अपील की गई है कि वे अपनी मेहनत पर भरोसा रखें और किसी भी स्थिति में हौसला न हारें।
चेयरमैन ने कहा कि मेहनत और सकारात्मक सोच ही स्थायी कामयाबी का आधार है। जो स्टूडेंट्स इन परीक्षाओं में सफल होंगे, उनके लिए नए अवसर खुलेंगे और जो छात्र उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं ला पाते, उन्हें भी निराश होने की बजाय नए सिरे से प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया है पिछले साल 14 मई को आया था रिजल्ट पिछले साल, पीएसईबी ने पिछले साल 12वीं का परीक्षा परिणाम 14 मई को जारी किया गया था। परीक्षा में कुल 2.84 लाख स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था। कुल 2.64 लाख के करीब स्टूडेंट्स पास हुए थे। कॉमन मेरिट लिस्ट होगी जारी पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार 12वीं कक्षा की कॉमन मेरिट लिस्ट जारी होगी। स्ट्रीम वाइज मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि अगर टॉपर्स के नंबर बराबर हुए तो जिसकी उम्र कम होगी उसे मेरिट में पहले स्थान दिया जाएगा हालांकि रैंक दोनों की एक जैसी रहेगी।