यूपी की बड़ी खबरें:प्रयागराज में LIC से फ्रॉड, फर्जी मौत, नकली पोस्टमॉर्टम और 30 लाख का बीमा क्लेम

प्रयागराज में भारतीय जीवन बीमा निगम से 30 लाख रुपये का फर्जी मृत्यु दावा हासिल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दंपती ने सड़क हादसे में मौत की पूरी झूठी कहानी तैयार कर नकली दस्तावेजों के आधार पर बीमा क्लेम हासिल कर लिया। मामले के अनुसार आरोपियों ने पहले फर्जी थाने में नकली एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पंचनामा, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मृत्यु प्रमाण पत्र तक तैयार करा लिया। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एलआईसी से करीब 30 लाख रुपये का क्लेम पास करा लिया गया। हालांकि बाद में जब नॉमिनी की ओर से दोबारा दस्तावेज जमा किए गए तो जांच में कई तरह की भिन्नताएं सामने आईं। दस्तावेजों की पड़ताल के दौरान पूरी कहानी संदिग्ध लगी, जिसके बाद मामले का खुलासा हो गया। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने राजीव त्रिपाठी और उसकी पत्नी दुर्गेश नंदिनी त्रिपाठी को आरोपी बनाया है। पढ़ें पूरी खबर… यूपी में गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी, 1182 पदों पर 7 जुलाई से आवेदन शुरू उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने गन्ना एवं चीनी विभाग में गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 1182 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। अभ्यर्थी 7 जुलाई से 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं आवेदन पत्र और शुल्क से जुड़ी गलतियों में संशोधन 4 अगस्त तक किया जा सकेगा। भर्ती में गन्ना पर्यवेक्षक के 1000 सामान्य पद शामिल हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 402, अनुसूचित जाति के लिए 210, अनुसूचित जनजाति के लिए 16, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 272 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 100 पद आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा गन्ना पर्यवेक्षक विशेष चयन के तहत 182 पदों पर भर्ती होगी। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 8, अनुसूचित जनजाति के लिए 18 और ओबीसी वर्ग के लिए 156 पद आरक्षित हैं। पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रिश्वत लेते कैमरे में कैद; ACS ने सस्पेंड किया, बोले- कठोर कार्रवाई होगी उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग में भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विभाग के उपनिदेशक कल्याण सिंह यादव का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से विभाग और प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मच गया है। वीडियो में दिख रहा है कि कल्याण सिंह यादव अपने कार्यालय में 500 रुपये की कुछ नोट लेकर उन्हें दराज में रख रहे हैं। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति फाइल या रिपोर्ट पास कराने की बात कर रहा है, जिस पर कल्याण सिंह कहते सुनाई देते हैं कि आज अमित नहीं है, कल लगवा देंगे। आरोप लग रहे हैं कि ये पैसे किसी फाइल को पास कराने के एवज में दिए जा रहे हैं। हालांकि इस मामले में रिश्चत देने वाले की पहचान सार्वजनिक नहीं हुई है और न ही कोई शिकायतकर्ता सामने आया है। इस बीच पर्यटन निदेशालय पहुंचे मीडिया कर्मियों से कल्याण सिंह यादव बचते नजर आए। उन्होंने पत्रकारों के किसी बात का जवाब नहीं दिया। इस बारे में अपर मुख्य सचिव पर्यटन अम़ृत अभिजात ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करती है। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की पुष्टि होने के बाद सेवा नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति की भी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। VIDEO देखिए… मिशन UP के लिए BJP का बंगाल फार्मूला, 98 जिलाध्यक्षों की बैठक में 2022 में हारी 61 सीटों पर विशेष रणनीति तैयार बंगाल का रण जीतने के बाद भाजपा मिशन यूपी का चुनावी चक्रव्यूह भेदने में जुट गई है। कैबिनेट विस्तार के बाद अब संगठन के पुर्जों को कसा जा रहा है। यूपी का चुनावी कुरुक्षेत्र जीतने के लिए भाजपा बंगाल फार्मूले पर संगठन को एक्टिव करने में जुटी है। इसके लिए मंगलवार को लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में सभी 98 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्षों की बड़ी बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में यह बैठक कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद हो रही है। बैठक का मुख्य एजेंडा मिशन-2027 है। पार्टी हर बूथ की राजनीतिक धड़कन मापने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और अभियानों की समीक्षा में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर… हापुड़ में चकबंदी अधिकारी खेत में 40 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार, किसान से 2 लाख मांगे थे हापुड़ में एंटी करप्शन टीम ने चकबंदी विभाग के सहायक चकबंदी अधिकारी (ACO) जयवीर सिंह को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ये कार्रवाई गढ़ क्षेत्र के कुतुबपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर गांव निवासी किसान जरनैल सिंह ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी। जमीन संबंधी कार्य कराने के बदले एसीओ जयवीर सिंह ने उनसे दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद एंटी करप्शन टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत मंगलवार शाम किसान 40 हजार रुपए लेकर आरोपी अधिकारी के पास पहुंचा। जैसे ही जयवीर सिंह ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। वहीं गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर में पुलिस कमिश्नर ऑफिस के टावर पर चढ़ी महिला; बोली- पति को छोड़ो नहीं तो कूद जाऊंगी कानपुर में पति को जेल से छुड़वाने के लिए महिला पुलिस कमिश्नर ऑफिस में लगे 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। चिल्लाने लगी- मेरे पति को छोड़ दो, नहीं तो यहां से कूदकर जान दे दूंगी। टावर पर महिला को देखकर आसपास बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। महिला ने मंगलवार दोपहर करीब 1 घंटे तक ड्रामा किया घटना की सूचना पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा, डीसीपी हेडक्वॉर्टर दिनेश चंद्र त्रिपाठी, स्टॉफ ऑफिसर अमरनाथ यादव समेत करीब 6 थानों का फोर्स पहुंची। अफसरों ने कहा कि टावर से नीचे उतर आओ, तभी बात हो सकेगी। चलो, तुम्हें जज साहब के पास ले चलेंगे। इसके बाद पुलिस पति को डेढ़ बजे कोर्ट से लेकर पहुंची। पति को देखने के बाद महिला टावर से उतरी और उसके गले से लिपटकर रोने लगी। पुलिस ने महिला को काउंसिलिंग के लिए पुलिस लाइन भेजाकर पति को जेल भेज दिया। पढ़िए पूरी खबर बहराइच में ऑनर किलिंग, सोते समय बेटी को गला घोंटकर मार डाला, रातभर लाश के बगल सोता रहा बहराइच में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। पिता ने सोते समय नाबालिग बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश के पास ही चारपाई पर रातभर सोता रहा। सुबह मां जब बेटी को जगाने गई तो चारपाई पर मरा पाया। इसके बाद पुलिस को हत्या की सूचना दी। लड़की का पड़ोस के एक मुस्लिम लड़के से अफेयर था। यह बात परिवार और पिता को पसंद नहीं थी। कई बार उसे समझाया। लेकिन लड़की प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। इस पर गुस्साए पिता ने हत्या की साजिश रची। पूरी खबर पढ़ें कानपुर में ट्रेन में आग की अफवाह पर चेन पुलिंग कर कूदे यात्री, कासगंज जा रही थी कानपुर से कासगंज जा रही एक पैसेंजर ट्रेन में सोमवार दोपहर आग लगने की अफवाह फैल गई। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बर्राजपुर रेलवे स्टेशन से पहले पकरा क्रासिंग के पास यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। कई लोग उतरकर भागने लगे। हालांकि, बाद में यह खबर गलत निकली। इसके बाद ट्रेन चल पड़ी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आग की अफवाह पर जो लोग ट्रेन से उतरे थे, वह फिर से सवार होने की कोशिश में दौड़ने लगे। ट्रेन के चलने से कई लोग गेट से लटक गए तो कुछ लोग चढ़ते समय गिर पड़े। ट्रेन के आगे जाने से छूटे हुए यात्री अपना सामान उसमें होने की बात कहकर पीछे-पीछे दौड़ते रहे। पढ़िए पूरी खबर नाबालिग प्रेमिका का गला रेतकर प्रेमी ने फांसी लगाई; कानपुर देहात में फोन पर बात न करने से नाराज था कानपुर देहात में एक युवक ने अपनी नाबालिग प्रेमिका का गला रेत दिया। गला रेतने के बाद उसका शव चद्दर में लपेटकर तख्त पर लिटा दिया। प्रेमिका को मारने के बाद वह अपने घर गया। सिलेंडर पर चढ़कर खुद फांसी लगा ली। कुछ दिनों पहले लड़की की मां ने प्रेमी का दिया मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था। तब से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। आगरा से लौटे प्रेमी को संदेह हुआ कि लड़की ने उससे ब्रेक अप कर लिया है। इस बात से नाराज होकर वह मंगलवार की सुबह उसके घर पहुंचा। दोनों के बीच बात न करने को लेकर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर प्रेमी ने चाकू से लड़की का गला रेत दिया। युवक औरैया का रहने वाला था। वह कानपुर देहात में अपनी नानी के घर रह रहा था। घटना मंगलपुर थाना क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर… कौशांबी के वन स्टॉप सेंटर में किशोरी ने लगाई फांसी, मां-बाप बोले- हमारा इससे कोई संबंध नहीं; प्रेमी के साथ 2 बार घर से भागी थी कौशांबी के वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में एक किशोरी ने फांसी लगा ली। सोमवार की रात उसका शव बाथरूम में दुपट्टे से लटका मिला। उसे एक हफ्ते पहले CWC के आदेश पर वन स्टॉप सेंटर में लाया गया था। किशोरी के घरवालों ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया था। उन्होंने लिखित रूप से कहा था कि वे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते। किशोरी का पड़ोस के ही एक युवक से अफेयर था। वह दो बार घर से युवक के साथ भाग चुकी थी। 4 मई को उसे प्रेमी के घर से पुलिस ने बरामद किया था, जिसके बाद से वह वन स्टॉप सेंटर में ही थी। मामला करारी थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… बिजनौर में कपड़े की दुकान में लगी आग, बाहर खड़ी स्कूटी भी जली, लाखों का सामान जला बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र की कटहरा मार्केट में रविवार, 12 मई की सुबह एक तीन मंजिला कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान धुएं और लपटों से घिर गई। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे लोगों ने मार्केट की ओर से घना धुआं उठते देखा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें गोरखपुर में सिलेंडर फटने से दुकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड को दो गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू गोरखपुर में मंगलवार को एक चाय-नाश्ते की दुकान में सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। एक के बाद एक तीन सिलेंडरों में विस्फोट होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना सुबह करीब 5:45 बजे असुरन पुलिस चौकी के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस चौकी के सामने स्थित पप्पू की चाय-नाश्ते की दुकान में अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा। देखते ही देखते दुकान में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में तीन सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके इतने तेज थे कि आसपास की दुकानों और मकानों में दहशत फैल गई। घटना स्थल पुलिस चौकी के सामने होने के कारण मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाना शुरू किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में दुकानदार पप्पू झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर आगरा में 15 साल की किशोरी की फंदे से लटकती मिली लाश, कलाई पर चोट के निशान आगरा में 15 साल की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे से लटकते मिला। दाहिनी कलाई पर चोट के निशान मिले हैं। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। उसने हाल ही में कक्षा 9 पास की थी। 10वीं में एडमिशन लेने की तैयारी कर रही थी। उसकी लाश देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटना थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के गांव मघटई स्थित डीआर एस्टेट कॉलोनी की है। यहां पढ़ें पूरी खबर हाईकोर्ट का आदेश- प्रदेशभर के खेल मैदान और खुली जगहें सरकारी सूची में लाएं इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक अहम आदेश दिया है। कहा है कि शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में निर्धारित मानक से अधिक शोर पर रोक लगाई जाए। रिहायशी इलाकों और पार्कों में होने वाले आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी और कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि तय मानक से अधिक शोर किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही आदेश दिया है कि प्रदेशभर के पार्कों, खेल मैदानों और खुली जगहों का सर्वे कर उन्हें सरकारी सूची में शामिल किया जाए। पूरी खबर पढ़िए कानपुर में पुलिस की वर्दी पहनकर लूट करते थे, 200 CCTV से गैंग तक पहुंची पुलिस कानपुर में पुलिस की वर्दी पहनकर लूट करने वाले गैंग के 2 बदमाशों को पकड़ा गया है। उनका तीसरा साथी भाग गया। दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस को 200 सीसीटीवी खंगालने पड़े। दरअसल, वर्दी में देखकर लोग इन पर भरोसा कर लेते थे। लेकिन, ये लोग वारदात कर भाग जाते थे। पकड़े गए दोनों आरोपी कन्नौज के रहने वाले हैं। इन्होंने लिफ्ट देकर एक एजेंसी के एजेंट से एक लाख रुपए की लूट की थी। दोनों के पास से पुलिस की वर्दी और कैप भी मिली है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग जिलों में इसी तरह की वारदात के मुकदमे दर्ज हैं। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *