नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी के ऊर्जा मंत्री और सपा सांसद की टकरार को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर रेसलर विनेश पर बीजेपी सांसद करण भूषण के दिए बयान से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. मंत्री को उंगली दिखाकर सपा सांसद बोले- आपको अहंकार चढ़ा, एके शर्मा और राजीव राय भिड़े मऊ में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और सपा सांसद राजीव राय भिड़ गए। सोमवार को मेमू ट्रेन के उद्घाटन समारोह में दोनों के बीच बहस हो गई। राजीव राय ने उंगली दिखाते हुए कहा- मंत्री जी, यह ठीक नहीं है। मैं यहां का सांसद हूं। मेरे सामने ही मेरे कार्यकर्ताओं को पुलिस धक्का दे रही है। आप मंत्री हो गए हैं तो आपको अहंकार हो गया है। यह घमंड ठीक नहीं है। पूरी खबर पढ़ें… 2. 26 घंटे में 3 हत्याएं करने वाला साइको किलर ढेर, पुलिस बोली- पिस्तौल छीनकर फायरिंग की यूपी में चलती ट्रेन और अस्पताल में तीन हत्याएं करने वाला साइको किलर सोमवार रात 12 बजे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। चंदौली SP ने बताया- टीम आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट कराने लेकर गई थी। इसी दौरान उसने पुलिस अफसर की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में उसे सिर और सीने में गोली लगी। पूरी खबर पढ़ें… 3. पहलवान विनेश बोलीं- बेशर्मों को क्या फर्क पड़ता है, बृजभूषण के बेटे का जवाब- जाहिलों को नहीं सिखा सकते गोंडा में हो रही सीनियर नेशनल ओपन कुश्ती चैंपियनशिप में खेलने पर अड़ीं पहलवान विनेश फोगाट मंगलवार सुबह हरियाणा लौट गईं। विनेश सोमवार को गोंडा के स्टेडियम पहुंच गई थीं। वहां उन्होंने कहा था- मुझे कोई भी दिक्कत आए, इन बेशर्मों को क्या फर्क पड़ता है। इसके जवाब में बृजभूषण के सांसद बेटे करण भूषण ने कहा कि जाहिलों को नहीं सिखा सकते। पूरी खबर पढ़ें… 4. योगी, राजनाथ सिंह के साथ कामाख्या मंदिर पहुंचे, गुवाहाटी एयरपोर्ट पर लगे जय श्रीराम के नारे सीएम योगी असम में हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इसके बाद योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मां कामाख्या मंदिर पहुंचे। इससे पहले, गुवाहाटी हवाई अड्डे पर जय श्रीराम के नारों के साथ योगी का स्वागत किया गया। उन्होंने भी समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। दोनों डिप्टी सीएम केशव और ब्रजेश पाठक भी शपथ समारोह में शामिल हुए। पूरी खबर पढ़ें… 5. हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, BJP जिला मंत्री समेत 8 पर FIR हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की सोमवार रात 11 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कार से शादी समारोह से लौट रहे थे। वारदात की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। अतुल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की मां ने कहा कि जब तक हत्यारों का एनकाउंटर नहीं होता, हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगेे। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. अखिलेश बोले- पूजा पाल से इतना प्यार तो डिप्टी-सीएम बना दें, 3 डिप्टी हो जाएंगे तो क्या दिक्कत सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि ‘पूजा पाल के लिए सीएम और भाजपा का जो प्यार है, वह उन्हीं लोगों से पूछिए। कुछ लोगों को लगता था कि वह मंत्री बनेंगी। मेरी अपील है कि उन्हें डिप्टी सीएम बना देना चाहिए। अगर तीन डिप्टी हो जाएंगे, तो क्या दिक्कत है? अखिलेश मंगलवार को प्रयागराज में रीता बहुगुणा जोशी के दिवंगत पति को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें… 7. महोबा में सपा सांसद पर FIR, मोदी के लिए कहा था- ऐसा देश विरोधी पीएम न हुआ, न होगा महोबा में पीएम मोदी पर आपत्तिजनक कमेंट करने वाले सपा सांसद अजेंद्र सिंह पर मंगलवार को FIR दर्ज हो गई है। उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा था- देश की जनता ने कभी न तो ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री देखा और न ही भविष्य में देखेंगे। वो खुद तो पैसे खर्च करके विदेश यात्रा करते हैं। लेकिन जनता से कहते हैं कि विदेश घूमने मत जाओ। पूरी खबर पढ़ें… 8. काशी में बाबा रामदेव बोले- सनातन का विरोध करने वालों की अंत्येष्टि हुई, भारत विश्वगुरु बनेगा वाराणसी पहुंचे बाबा रामदेव ने कहा कि जो लोग सनातन का विरोध करते हैं, उनकी तो अंत्येष्टि हो चुकी। इसलिए कोई अगर अपने अस्तित्व और वजूद को बचाना चाहता है, तो सनातन को गालियां देना बंद करें, नहीं तो उसका राजनीतिक मोक्ष सुनिश्चित है। भारत का विश्वगुरु बनना निश्चित है। वह सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के मौके पर बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में कार्यक्रम में पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें… 9. कचहरी हत्याकांड में माफिया विजय मिश्र दोषी करार, प्रयागराज कोर्ट कल सजा सुनाएगी प्रयागराज कोर्ट में हुई हत्या के मामले में माफिया विजय मिश्र को दोषी करार दिया गया। 1980 में हुए हत्याकांड में विजय मिश्रा के साथ ही तीन अन्य आरोपियों को भी दोषी ठहराया गया। इस बहुचर्चित हत्याकांड में विजय मिश्र समेत अन्य को बुधवार को सजा सुनाई जाएगी। विजय मिश्रा आगरा जेल में बंद है। उसको वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यवाही में पेश किया गया। पूरी खबर पढ़ें… 10. फतेहपुर में गैंगरेप पीड़िता से मंगेतर ने शादी की, बोला- मेरे सामने दरिंदगी हुई, अकेला कैसे छोड़ता फतेहपुर में गैंगरेप का शिकार हुई लड़की के घर उसका मंगेतर बारात लेकर पहुंचा। उसने कहा कि मेरे सामने मेरी मंगेतर के साथ भाजपा नेता और उसके दो साथियों ने दरिंदगी की। इस हालत में मैं मंगेतर का साथ कैसे छोड़ देता? गांव-समाज के लोग कहते थे कि इतना सब होने के बाद दूल्हा बारात लेकर नहीं आएगा। लेकिन मैं गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर आया हूं। पूरी खबर पढ़ें… 11. ‘मैं अपनी किडनी आपको देने आया हूं’, संत प्रेमानंद महाराज से मिलकर भावुक हुए मनिंद्र सिंह बिट्टा वृंदावन में एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। इस दौरान बिट्टा भावुक हो गए। उन्होंने कहा- उनकी सभी इच्छाएं पूरी हो चुकी हैं और वह अपनी किडनी संत प्रेमानंद महाराज को समर्पित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा- अनेक जवानों को शहीद होते देखा, लेकिन आज भी जीवित हूं। यह ईश्वर और संतों की कृपा है। पूरी खबर पढ़ें… 12. यमुना में नहाते समय 6 बच्चे डूबे, 4 की मौत, आगरा में जन्मदिन पर रिश्तेदारी में आए थे आगरा में बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने गए 6 बच्चे डूब गए। इनमें 4 की मौत हो गई। घटना कमला नगर थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, एत्माद्दौला के विद्यापुरम निवासी सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था। इसमें रिश्तेदारी से कुछ बच्चे आए हुए थे। दोपहर में सभी बच्चे यमुना नदी में नहाने पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें… 13. पिता ने 5 महीने की मासूम को पटककर मार डाला, मां की गोद से दो बच्चों को छीना इटावा में पति ने पत्नी की गोद से दो बच्चों को छीनकर दीवार पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने पर 5 महीने की मासूम की मौत हो गई। 3 साल का बेटा घायल है। पति के अफेयर को लेकर उसका पत्नी से झगड़ा होता था। तलाक की धमकी के बाद झगड़ा बढ़ने पर आरोपी ने दोनों बच्चों को पटक दिया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तब तक आरोपी फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. बिल्ली की मौत पर फूट-फूटकर रोई बुजुर्ग, बोली- तू तो मेरी अकेली सहेली थी बुलंदशहर में एक बुजुर्ग महिला अपनी पालतू बिल्ली की मौत पर जोर-जोर से रोने लगी। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला बिल्ली के बच्चों को दूध पिलाने की कोशिश करते दिख रही। वह बार-बार बिल्ली को सहलाती और फिर रोने लगती। वह रोते हुए बार-बार एक ही बात बोल रही थी कि “मेरी बच्ची… उठ तो… तू तो मेरी अकेली सहेली थी।” पूरी खबर पढ़ें… 15. कल कैसा रहेगा मौसम… कल यानी 13 मई को मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…