हरियाणा में मौसम के मिजाज एक बार फिर बदल गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में आंधी और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। मुख्य रूप से महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, यमुनानगर और पंचकूला जैसे जिलों में आज गरज-चमक के साथ 50-60 किमी प्रति और कहीं-कहीं 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, बाकि प्रदेश में गर्मी का असर रहेगा। हालांकि, 15 मई से मौसम फिर से शुष्क होने लगेगा, जिसके बाद अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है। हरियाणा में एक बार फिर लू चलने की संभावना बन रही है। 6 जिलों में पारा 40 के पार हरियाणा में गर्मी का सितम जारी है। सिरसा प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4°C दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार (42.4°C), महेंद्रगढ़ (42.2°C), रोहतक (41.1°C), चरखी दादरी (41.7°C) और भिवानी (40.0°C) में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7°C कम है, लेकिन आने वाले दिनों में लू चलने की प्रबल संभावना है। किसानों के लिए विशेष सलाह मौसम विभाग ने किसानों को बदलते मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगले 3 दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना के कारण कपास की बुवाई को फिलहाल टालने का सुझाव दिया गया है। जिन किसानों की गेहूं या जौ की फसल पक चुकी है, वे जल्द से जल्द कटाई और थ्रेसिंग कर लें। तेज हवाओं के चलते गेहूं के भूसे को सुरक्षित स्थान पर ढक कर रखें, ताकि वह उड़े नहीं। सब्जियों और अन्य फसलों में सिंचाई फिलहाल रोक दें । पशुपालक अपने पशुओं को शेड के नीचे रखें और मच्छरों से बचाव के लिए उचित प्रबंधन करें । रात का बढ़ रहा तापमान हरियाणा में रातें भी अब धीरे-धीरे गर्म होने लगी हैं। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.3°C की वृद्धि देखी गई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 21.0°C रिकॉर्ड किया गया। अंबाला में 26.5°C और सिरसा में 27.8°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। चंडीगढ़ और करनाल जैसे क्षेत्रों में रात का तापमान 22 से 25°C के बीच बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम मामूली राहत बनी हुई है।