कैथल के सेरधा में बनेगा नया गर्ल्स कॉलेज:31 पदों को मंजूरी, 17 असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती होंगे, पहले निजी कॉलेज रहा

हरियाणा सरकार ने कैथल जिले के सेरधा में स्थापित किए जा रहे अमरनाथ भगत जयराम गर्ल्स गवर्नमेंट कॉलेज के लिए टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ के 31 पदों को मंजूरी दे दी है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार कॉलेज में 17 असिस्टेंट प्रोफेसर समेत विभिन्न पद सृजित किए गए हैं। उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश अनुसार बताया गयाहै कि इन पदों पर नियुक्त कर्मचारियों को नए संशोधित वेतनमान के अनुसार वेतन मिलेगा। खर्च का वहन मौजूदा बजट से किया जाएगा। दरअसल, अमरनाथ भगत जयराम राजकीय महिला कॉलेज पहले एक निजी संस्थान था, जिसे जयराम विद्यापीठ ने साल 2004 में शुरू किया था, लेकिन जुलाई 2024 में हरियाणा मंत्रिमंडल ने इसे सरकारी नियंत्रण में लेने (टेकओवर) की मंजूरी दे दी। असिस्टेंट प्रोफेसर होंगे नियुक्त कॉलेज में अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, गणित, इतिहास, राजनीति विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, फिजिकल एजुकेशन, भूगोल, कॉमर्स और एनवायरमेंट साइंस विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा प्रिंसिपल, लाइब्रेरियन, जूनियर लाइब्रेरियन, डिप्टी सुपरिटेंडेंट, असिस्टेंट, क्लर्क और ग्रुप-डी कर्मचारियों के पद भी स्वीकृत किए गए हैं। विभाग ने आदेश की प्रतियां कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कॉलेज प्राचार्य और संबंधित शाखाओं को भेज दी हैं। साथ ही आईटी सेल को आदेश वेब पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *