हरियाणा के रेवाड़ी जिले में गांव माजरा के नजदीक मुर्गियों से भरे कैंटर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया। कुंड चौकी पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय मुकेश पुत्र मंदरूप और 27 वर्षीय मुकेश पुत्र मायाराम निवासी भैसावता खुर्द राजस्थान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मुर्गियों से भरा कैंटर नारनौल से रेवाड़ी की ओर आ रहा था। जैसे ही कैंटर गांव माजरा के नजदीक पहुंचा, तो किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। कैंटर में सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस द्वारा दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है।