गुरदासपुर में डबल मर्डर:सैर कर रहे भाई के सिर में गोली मारी, घर जाकर भाभी को मार डाला; पुश्तैनी जमीन के बंटवारे में वारदात

गुरदासपुर में जमीन विवाद के चलते डबल मर्डर का मामला सामने आया है। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। भाई को सैर करते समय गांव के बाहर रास्ते पर और उसकी पत्नी को घर में घुसकर गोली मारी। सूचना मिलने पर थाना भैणी मियां खां की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी भाई को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पूरा मामला पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर बताया जा रहा है। यह वारदात थाना काहनूवान के अधीन पड़ते गांव नैनेकोट में मंगलवार रात हुई। मृतकों की पहचान अजायब सिंह (52) और उनकी पत्नी कमल कौर (50) के रूप में हुई है। इनके कत्ल के आरोप में बड़े भाई अमरजीत सिंह उर्फ अंबा को गिरफ्तार किया गया है। रिवॉल्वर से दिया वारदात को अंजाम परिजन और ग्रामीणों के अनुसार, अजायब सिंह के बड़े भाई अमरजीत सिंह उर्फ अंबा ने अपनी रिवॉल्वर से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। मृतकों के रिश्तेदार हरजीत सिंह ने बताया कि इन 3 भाइयों के बीच जमीन-जायदाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह परिवार टाटा नगर (झारखंड) से अपने पैतृक गांव नैनेकोट आकर अलग-अलग मोहल्लों में रह रहे थे। पिछले एक साल से गांव की 9 किल्ले जमीन के बंटवारे को लेकर कई बार पंचायत बुलाई गई, लेकिन एक पक्ष के मुकर जाने के कारण समझौता सिरे नहीं चढ़ सका। दो अलग-अलग जगहों पर मारी गोली रंजिश के चलते अमरजीत सिंह ने मंगलवार देर शाम पीछा करते हुए दोनों की हत्या की। उसने पहले भाई अजायब सिंह का पीछा कर उसकी हत्या गांव के बाहर एक पोल्ट्री फार्म के रास्ते में गोली मारकर की गई। अजायब सिंह उस समय सैर कर रहे थे। जबकि, अपनी ही भाभी कमल कौर की हत्या आरोपी ने घर के अंदर घुसकर गोलियां मार कर की। घर पर नहीं थे दोनों बेटे रिश्तेदारों ने बताया कि अजायब सिंह के 2 बेटे हैं। दोनों घर पर नहीं थे। दंपती का एक बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दूसरा बिहार में नौकरी करता है। उनको इस मामले की जानकारी दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही थाना भैणी मियां खां के मुख्य अधिकारी गुरनाम सिंह और डीएसपी कुलवंत सिंह मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह दोहरा हत्याकांड जमीन के विवाद के कारण हुआ है। आरोपी को किया गया गिरफ्तार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों के परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसके आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *