मंडी जिले के पंडोह स्थित प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर श्रद्धा पर चोट की है। चोर मंदिर के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दान पात्र (गोलक) में जमा हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि, चोरों की यह करतूत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मंदिर कमेटी के प्रधान दीपक सैनी ने बताया कि घटना का पता बुधवार सुबह चला, जब मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। पुजारी ने तुरंत इसकी सूचना कमेटी के सदस्यों को दी। जब कमेटी सदस्य मौके पर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए; दान पात्र भी टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। 12 से 14 हजार रुपये की नकदी पर किया हाथ साफ कमेटी के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दान पात्र में करीब 12 से 14 हजार रुपये की नकदी जमा थी, जिसे चोरों ने साफ कर दिया। प्रधान दीपक सैनी ने बताया कि जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर परिसर के आसपास घूमता हुआ और वारदात को अंजाम देता हुआ दिखाई दे रहा है। जांच में जुटी पंडोह पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना के समय इलाके में सक्रिय संदिग्ध मोबाइल नंबरों का डेटा खंगाला जा रहा है। पुलिस की ओर से आसपास के रहने वाले संदिग्ध लोगों और पूर्व के अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द से जल्द पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जाए और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई जाए।