हरियाणा निकाय चुनाव- तीनों मेयर पद जीती BJP:सांपला-धारूहेड़ा में भी भाजपा चेयरमैन, कांग्रेस का खाता खाली; CM सैनी बोले-अब कोई हुड्डा पर भरोसा नहीं करता

हरियाणा में निकाय चुनाव के पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम, सांपला, उकलाना, धारूहेड़ा नगर पालिका व रेवाड़ी नगर परिषद की काउंटिंग पूरी हो गई। भाजपा ने तीनों नगर निगम में जीत हासिल की है। सोनीपत में राजीव जैन, अंबाला में अक्षिता सैनी और पंचकूला नगर निगम में श्यामलाल बंसल ने जीत दर्ज की। कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत पाई। हालांकि, उकलाना नगर पालिका में कांग्रेस समर्थित रीमा सोनी चेयरपर्सन का चुनाव जीत गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के गढ़ सांपला नगर पालिका में भाजपा के प्रवीण कोच ने चेयरमैन का चुनाव जीता। इसी तरह, धारूहेड़ा नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार अजय जांगड़ा चेयरमैन बने। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में भाजपा की विनीता पीपल चेयरपर्सन का चुनाव जीत गईं। उधर, निकाय चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा “ऐसा इसलिए है क्योंकि अब कोई भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भरोसा नहीं करता”। वहीं, इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने उकलाना से जीती निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी को वीडियो कॉल कर बधाई दी। उधर, पंचकूला में कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज ने EVM में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए। कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम में चोर दरवाजे बनाए हुए थे और अंदर मशीनों की सील टूटी हुई थी। अधिकारियों से पूछने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसे लेकर हंगामा भी हुआ। इसी वजह से साढ़े तीन बजे तक यहां काउंटिंग चली। जश्न की तस्वीरें… अब जानिए किस निकाय में कौन कितने वोटों से जीता…. पंचकूला नगर निगम चुनाव में भाजपा के श्यामलाल बंसल ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुधा भारद्वाज को 36252 वोट से हराया। काउंटिंग में सबसे ज्यादा समय इसी सीट पर लगा। शाम साढ़े तीन बजे तक 21 राउंड तक काउंटिंग चली। यहां 17 सीटों पर बीजेपी, 1 पर कांग्रेस और 2 निर्दलीय को जीत मिली। सोनीपत में 23247 वोट से जीत राजीव जैन सोनीपत नगर निगम चुनाव में भाजपा के राजीव जैन ने 78035 वोट हासिल करके मेयर सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के कमल दीवान 54788 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इनेलो के आनंद कुमार को 5210 वोट मिले। नोटा को 1606 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों में रमेश कुमार खत्री को 1071, अनिल सिंघल को 651, हवा सिंह को 433, चांद राम को 318, डॉ. कमलेश कुमार सैनी को 305 और संत धर्मवीर चोटीवाला को 275 वोट मिले। अंबाला में अक्षिता सैनी 21358 वोटों से जीतीं अंबाला नगर निगम में भाजपा की मेयर उम्मीदवार अक्षिता सैनी ने 52794 वोट हासिल करके जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की कुलविंदर कौर सैनी को 21358 वोटों के अंतर से हराया। कुलविंदर कौर सैनी को 31436 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार सोनिया चौधरी ने 21730 वोट हासिल किए। 1691 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। धारूहेड़ा में अजय को 9392 वोट मिले धारूहेड़ा नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए भाजपा उम्मीदवार सत्यनारायण उर्फ अजय जांगड़ा को 7 राउंड की गिनती में 9392 वोट मिले। दूसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार बाबू लाल लांबा रहे, जिन्हें 3156 वोट मिले। लांबा पूर्व चेयरमैन हैं। कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी राज तीसरे नंबर पर रहीं, जिन्हें केवल 1817 वोट मिले। चेयरमैन पद के लिए यहां कुल 5 उम्मीदवार थे, जिनमें से 90 लोगों ने नोटा का विकल्प चुना। सांपला में प्रवीण 687 वोट से जीते सांपला नगर पालिका चुनाव में भाजपा के प्रवीन ने 4391 वोट हासिल करके जीत दर्ज की। निर्दलीय उम्मीदवार अंकित सिंह 3704 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों में सुधीर ओहल्याण को 1984, अनिल कुमार को 1081, विकास को 482, राकेश कुमार को 335, मनजीत को 222, अंकित पुत्र साहिब सिंह को 80 और राम निवास को 41 वोट मिले। नोटा को 35 वोट मिले, जबकि सुशील कुमार को 17 वोट प्राप्त हुए। उकलाना में रीमा सोनी 2806 वोटों से जीतीं उकलाना नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी ने 7078 वोट हासिल करके जीत दर्ज की। भाजपा की निकिता गोयल 4272 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। अन्य उम्मीदवारों में डॉ. सोनिया बत्रा को 249 वोट, मीनू रानी को 83 वोट मिले, जबकि 62 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। रेवाड़ी में विनीता 21455 वोटों से जीतीं रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में चेयरपर्सन पद के लिए भाजपा की विनीता पिप्पल ने 44521 वोट हासिल करके जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की नेहारिका को 21455 वोटों के अंतर से हराया। नेहारिका को 23066 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. मीनू डहीनावाल को 3103, आशा को 1851, दीपिका पवार को 948 और शकुंतला भांङोरिया को 552 वोट मिले। नोटा को 1049 वोट मिले। रिजल्ट के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *