चंडीगढ़-नशे में हेड कॉन्स्टेबल ने 2 एक्टिवा सवार को उड़ाया:एक पैर में लेडीज सैंडल, दूसरे में स्लीपर पहन कार चला रहा था, स्कूटी सवार का हाथ टूटा

चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने गुरुवार रात शराब के नशे में अपनी कार से एक्टिवा सवार को उड़ा दिया। टक्कर मारने के बाद वो मौके से भागने लगा तो लोगों ने उसका पीछा किया। कॉन्स्टेबल तब भी नहीं रुका और उसने रास्ते में दूसरी एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। आखिरकार गुस्साए लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी को घेरकर पकड़ लिया। जैसे ही लोगों ने उसे गाड़ी से निकाला तो हेड कॉन्स्टेबल भागने लगा। उसने एक पैर में लेडीज सैंडल और दूसरे पैर में स्लीपर पहना हुआ था। पुलिसकर्मी इतना नशे में धुत था कि उसने क्या पहना था उसे मालूम नहीं था। उधर, हादसे में घायल व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी जगमिंदर ने शिकायत कहा कि हम शिकायत लिख रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। जगमिंदर ने बताया कि आरोपी कॉन्स्टेबल नगर निगम में अटैच था। कॉन्स्टेबल के PHOTOS… जानिए पूरा मामला… हादसे में व्यक्ति का हाथ टूटा घटना वीरवार देर रात की है। घायल स्कूटी सवार की पहचान कुलदीप चंद के रूप में हुई है। हादसे में कुलदीप के दाएं हाथ में फ्रैक्चर आया है। कुलदीप चंद सिविल अस्पताल के पीछे पॉकेट नंबर-1 स्थित सरकारी स्कूल के सामने से एक्टिवा पर गुजर रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार वेन्यू कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कुलदीप सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। भागते समय दूसरी एक्टिवा को भी मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी हेड कॉन्स्टेबल मौके से फरार होने लगा। लोगों ने उसका पीछा किया तो मोरी गेट बाजार के पास उसने एक अन्य एक्टिवा सवार को भी टक्कर मार दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हेड कॉन्स्टेबल जयपाल को हिरासत में ले लिया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक लोग सड़क पर खड़े होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते रहे। लोगों का कहना था कि जो पुलिस आम जनता की सुरक्षा का दावा करती है, अगर वही नशे में लोगों को टक्कर मारेगी तो जनता किस पर भरोसा करे। लोगों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पर पुलिस तुरंत केस दर्ज कर देती है, लेकिन जब पुलिसकर्मी गलती करते हैं तो उन्हें सिर्फ लाइन हाजिर कर मामला दबा दिया जाता है। SHO बोले- शिकायत मिलते ही कॉन्स्टेबल पर एक्शन होगा मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह ने बताया कि अभी तक किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं आई है। जैसे ही शिकायत आती है, कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर घायल कुलदीप ने बताया कि उनकी ओर से शिकायत दे दी गई है, मौके पर जो जांच अधिकारी जगमिंदर आए थे उन्होंने शिकायत लिखी थी और उनके साइन भी करवाए थे। जगमिंदर ने बताया कि आरोपी कॉन्स्टेबल नगर निगम में अटैच था और वहीं पोस्टिंग थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *