संगरूर में बस पलटी, एक की मौत, दर्जन भर घायल:जम्मू से राजस्थान जा रही थी, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकराई

पंजाब के संगरूर जिले के घग्गा इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जम्मू से राजस्थान जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। इस हादसे में एक यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, यह बस जम्मू से राजस्थान के सीकर जा रही थी। जब बस घग्गा क्षेत्र में पहुंची, तो चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे खंभा टूट गया और बस बीच सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के नीचे फंस गए और खिड़कियों के शीशे टूटने से घायल हो गए। इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे के तुरंत बाद राहगीर और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल और घग्गा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला गया और सरकारी व निजी एंबुलेंस के जरिए तुरंत समाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, एक घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। क्रेन की मदद से बहाल कराया यातायात बस के सड़क के बीचों-बीच पलटने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लंबा जाम लग गया। थाना घग्गा के एसएचओ जगदीप शर्मा ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू रूप से चालू हो सका। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक का संतुलन खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस तकनीकी खराबी के एंगल से भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *