यूपी में भीषण गर्मी, 22 जिलों में हीटवेव का अलर्ट:बांदा सबसे गर्म, पारा 44.8°C; पूर्वांचल में 20 मई से 3 दिन बारिश होगी

यूपी में आंधी-बारिश थमने के साथ ही भीषण गर्मी पड़ने लगी है। पारा 45°C के करीब पहुंच गया है। रविवार सुबह से ज्यादातर शहरों में आसमान साफ है। तेज धूप निकली है। हवा की रफ्तार कम होने की वजह उमस का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने आज 22 शहरों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। दिन में धूप की तपिश गर्मी बढ़ाएगी। अगले 5 दिनों तक तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा। 20 मई से गर्मी और सख्त तेवर दिखाएगी। प्रदेश के आधे से ज्यादा शहरों में लू चलेगी। बीते 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। बांदा लगातार पांचवें दिन सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 44.8°C रिकॉर्ड किया गया। आजमगढ़ सबसे ठंडा शहर रहा। जहां न्यूनतम तापमान 20.2°C रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा। हालांकि, यह एक संभावित तिथि है। जब मानसून केरल से आगे बढ़ेगा, तभी सटीक तारीख का आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल, गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। अगले एक हफ्ते पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा। अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? बड़े शहरों का हाल जानिए यूपी में मानसून में कम बारिश होगी, वजह जानिए जून से सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश में भी सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने बताया कि इस साल प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी स्थितियां खत्म होकर अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत हैं। जो कम वर्षा का कारण बनेगी। यानी इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं। साथ ही इस साल जनवरी-मार्च में उत्तरी गोलार्ध में बनी कम बर्फ भी मानसून को प्रभावित कर सकती है। पिछले साल 10 से 15% ज्यादा बरसा था मानसून मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 2025 के मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान औसतन 870 से 900 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह सामान्य मानसूनी औसत से करीब 10 से 15 प्रतिशत अधिक रही। आंधी-बारिश से फसलों को नुकसान, योगी बोले- सरकार जनता के साथ बुधवार-गुरुवार को हुई बारिश और आंधी से फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। खासकर खीरा, ककड़ी और तरबूज जैसी सब्जी फसलें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। सीएम योगी ने गुरुवार को कहा था कि आपदा की इस घड़ी में सरकार किसानों और जनता के साथ खड़ी है। शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके। राहत कार्यों में अफसरों की किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौसम में उतार-चढ़ाव क्यों हो रहा? मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश हो रही है। किसी-किसी दिन धूप के साथ मौसम साफ हो जा रहा है। अगले कुछ दिन ऐसे ही उतार-चढ़ाव के आसार हैं। इसका असर यूपी में दिख रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा बनाए हैं। बारिश के अनुकूल सिस्टम तैयार कर रही हैं। ——————–
ये खबर भी पढ़ें ऐसी आंधी कि लोग हवा में उड़े, 111 जानें गईं:AC ब्लास्ट तो कहीं दिन में ‘रात’ जैसा अंधेरा; यूपी में ऐसा मौसम क्यों हो रहा? आसमान में उड़ता इंसान, फटते AC और सुबह 9 बजे ‘रात’ जैसा अंधेरा। ये किसी फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं, यूपी की गर्मी की तस्वीरें हैं। बेमौसम बारिश के बाद अब अनुमान है कि 30 मई तक दोबारा पारा 45°C से 47°C तक पहुंच जाएगा। पढ़िए पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *