बेगूसराय जिले के बखरी विधानसभा के विधायक संजय कुमार ने डंडारी प्रखंड के मेहा ग्राम स्थित वार्ड संख्या 3 में एक पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सुशील पासवान के परिजनों को सांत्वना दी और शोक संवेदना व्यक्त की। कमलेश्वर पासवान के 32 वर्षीय पुत्र सुशील पासवान की बीते दिनों बखरी के शिवनगर में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घायल होने के बाद इलाज के दौरान 29 अप्रैल 2026 को रात करीब 10:30 बजे उनका निधन हो गया था। रविवार रात करीब 9:00 बजे विधायक संजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया। पीड़ित परिवार ने विधायक से मदद की गुहार लगाई। विधायक ने तुरंत डंडारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी से मोबाइल पर संपर्क किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में बातचीत की। इस दौरान विधायक को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे।