हितेश हत्याकांड- हत्यारोपी डीकेश अग्निवीर रहा:नौकरी छोड़कर झज्जर आया, दोनों अच्छे दोस्त थे, झगड़े के बाद फायरिंग गैंगवार में बदली

झज्जर में हुए हितेश हत्याकांड में खुलासा हुआ है। जिस आरोपी डीकेश पर हितेश की हत्या का आरोप है, वह अग्निवीर रह चुका है। कुछ समय बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी। हितेश और डीकेश कभी अच्छे दोस्त होते थे। 2022 में दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए हितेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर डीकेश और प्रदीप पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें दोनों घायल हुए। कल जो रोहित गोदारा गैंग की तरफ से सोशल मीडिया पोस्ट आई थी, उसमें इसी फायरिंग का जिक्र था। वहीं, डीकेश की भी एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है, जिसमें लिखा है- “साथियों, सुबाना में जो मर्डर हुआ है उसकी जिम्मेदारी मैं लेता हूं। सबका नंबर आएगा। टाइम स्टार्ट।” हालांकि, दैनिक भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। 15 मई को घर के बाहर कार सवारों ने हितेश की गोलियां मारकर हत्या की थी। इस मामले में पुलिस ने डीकेश समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 2022 में डीकेश-प्रदीप को गोलियां लगी थीं 13 अगस्त 2022 को माछरौली थाने में दर्ज FIR के अनुसार, गिरधरपुर गांव का डीकेश अपने साथी प्रदीप, दीपक और रोहित के साथ जैतपुर से तुम्बाहेड़ी रोड की तरफ जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान हितेश ने अपने साथियों के साथ उन पर फायरिंग कर दी थी। उस हमले में डीकेश के पैर में गोली लगी थी, जबकि प्रदीप भी घायल हुआ था। इस घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी। डीकेश ने अग्निवीर की नौकरी छोड़ी रोहित गोदारा गैंग की सोशल मीडिया पोस्ट में जिस प्रदीप और उसके भाई फौजी का जिक्र किया गया है, वह फौजी डीकेश है और उसका करीबी साथी प्रदीप ही हैं। डीकेश 2021 में भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती हुआ था। कुछ समय नौकरी करने के बाद लौट आया। उसने नौकरी क्यों छोड़ी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अच्छे दोस्त झगड़े के बाद दुश्मन बने हितेश और डीकेश कभी गहरे दोस्त हुआ करते थे। दोनों अक्सर साथ घूमते-फिरते थे और उनकी अच्छी दोस्ती इलाके में भी चर्चा का विषय रही। कुछ साल पहले साथियों के साथ घूमने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामला इतना बढ़ा कि हितेश ने डीकेश पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों के रिश्तों में दरार आ गई और धीरे-धीरे दोस्ती दुश्मनी में बदलती चली गई। 15 मई की रात घर के बाहर गोलियां मारीं 15 मई की रात को सुबाना गांव में हितेश अपने दोस्त के साथ घर के बाहर मौजूद था। जैसे ही वह अपनी स्विफ्ट कार में बैठा, कोसली की तरफ से आई बलेनो गाड़ी में सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं गईं, जिसमें 9 गोलियां हितेश के आर-पार हो गईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। माछरौली थाना पुलिस ने प्रदीप उर्फ सिपाही, डीकेश समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार हितेश पहले आर्म्स एक्ट के मामले में सजा काट चुका था और जुलाई 2025 से जमानत पर बाहर चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि उस पर पांच आपराधिक मामले दर्ज थे। 17 मई को गोदारा गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली हितेश की हत्या के बाद 17 मई को रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली थी। गैंग की तरफ से लिखा गया है, “हितेश उर्फ गोलू ने पहले हमारे साथी प्रदीप और उसके भाई फौजी पर गोली चलाई थी, जिसके बदले में इस वारदात को अंजाम दिया गया। हितेश को केवल 30 गोलियां मारी गई हैं, जबकि इस घटना से जुड़े बाकी लोगों को 100 से ज्यादा गोलियां मारी जाएंगी। जो भी हमारे दुश्मन हैं, वे तैयार रहें, जल्द ही मुलाकात होगी।” हालांकि, दैनिक भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। ————————————– ये खबर भी पढ़ें :- गोदारा गैंग ने ली हितेश हत्याकांड की जिम्मेदारी:लिखा- भाई पर फायरिंग का बदला लिया; झज्जर में 9 गोलियां शरीर के आर-पार हुईं हरियाणा के झज्जर में हुए हितेश हत्याकांड में की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। गैंग का दावा है कि कुछ दिन पहले हितेश ने उनके भाई पर फायरिंग की थी। उन्होंने इसी बात का बदला लिया है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *