बिहार में फिर से गर्मी बढ़ गई है। प्रदेश के 9 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। रोहतास में रविवार को पारा 44°C के करीब दर्ज किया गया है। जबकि बक्सर, कैमूर और शेखपुरा का तापमान 42 डिग्री से ज्यादा रहा। पटना में भी तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखे। रविवार को यहां का पारा 40.6°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज 3 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। गर्म हवा से लोगों को बचने की सलाह दी गई है मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। हालांकि, 18 मई से 20 मई के बीच भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल,कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पटना में भी हल्के बादल छाए रह सकते हैं। पटना में अगले पांच दिनों तक झुलसाने वाली गर्मी मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 मई तक पटना का अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। आज राजधानी का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, 19 मई को हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, लेकिन इसके बाद फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 मई को तापमान 39 डिग्री और 21 मई को 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राज्य में बारिश की गतिविधि कमजोर बीते 24 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर रहीं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के केवल कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राज्य में अब तक कुल 122.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। सामान्य तौर पर इस समय तक 50.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार सामान्य से 143 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। फिलहाल बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं। बारिश का असर मुख्य रूप से सीमांचल और उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में देखने को मिला। पूर्णिया के बैसा में सबसे अधिक 14.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया के सिकटी में 12.4 मिमी और किशनगंज जिले के पोठिया में 10.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ठाकुरगंज में 6 मिमी, बहादुरगंज में 2.6 मिमी, दिघलबैंक में 2.4 मिमी और कोचाधामन में 1.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में हल्की बारिश से कुछ समय के लिए तापमान में राहत मिली, लेकिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा।