सुहागरात पर पत्नी से झगड़े के बाद सुसाइड:पलवल में ट्रेन के सामने कूदा पति; परिवार बोला- कमरे से चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं

हरियाणा के पलवल में एक युवक ने शादी के अगले ही दिन ट्रेन के सामने कूदकर सुसाइड कर लिया। युवक का सुहागरात पर पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इसके बाद दुल्हन के मामा के बेटे व अन्य युवकों ने उसे फोन कर धमकाया। इस बात से युवक मानसिक तनाव में आ गया। वह घरवालों को बिना बताए होडल रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा और सुसाइड कर लिया। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) फरीदाबाद ने युवक के भाई की शिकायत पर मृतक की पत्नी और चार अन्य युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। प्राइवेट स्कूल में साइंस टीचर था मृतक की पहचान पलवल के वली मोहम्मदपुर उर्फ लहरपुर गांव निवासी ओमप्रकाश (24) के रूप में हुई है। भाई जयभगवान ने बताया कि ओमप्रकाश एक निजी स्कूल में साइंस टीचर था। उसकी शादी 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के शेरगढ़ निवासी भूमिका के साथ हुई थी। यह अरेंज मैरिज थी और दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ था। शादी के बाद 30 अप्रैल को दुल्हन की विदाई हुई और परिवार उसे लेकर घर पहुंचा। कमरे से झगड़े की आवाजें आईं जयभगवान के मुताबिक, शादी की पहली रात यानी सुहागरात पर ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। घर की महिलाओं ने कमरे से जोर-जोर से झगड़े जैसी आवाजें सुनी थीं, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य बात समझकर अनदेखा कर दिया। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। 1 मई को अलग-अलग नंबर से फोन आए जयभगवान ने बताया कि अगले दिन 1 मई की सुबह 7 बजे के बाद ओमप्रकाश के मोबाइल फोन पर लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगीं। कॉल करने वालों में अजय निषाद, संजीव, नारायण सिंह और वेदराम नाम के युवक शामिल बताए गए हैं। ये लोग उसे फोन पर धमका रहे थे। आरोपियों में से एक युवक दुल्हन के मामा का बेटा है। परेशान होकर ट्रेन के सामने कूदा शिकायत के मुताबिक, लगातार आ रहे फोन कॉल्स के बाद ओमप्रकाश काफी डर गया था। उसने अपने पिता अशोक को भी बताया था कि दुल्हन के जानकार युवक उसे धमकियां दे रहे हैं। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन कॉल्स का सिलसिला बंद नहीं हुआ। इसके बाद ओमप्रकाश ने होडल रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिवार ने जानकारी जुटाकर शिकायत दी परिवार का कहना है कि शुरुआत में उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं थी। बाद में जब उन्होंने घटना से जुड़े तथ्यों और फोन कॉल्स के बारे में जानकारी जुटाई तो उन्हें मानसिक प्रताड़ना का शक हुआ। इसी के बाद जीआरपी फरीदाबाद को शिकायत दी गई। शिकायत मिलने और प्रारंभिक जांच के बाद 17 मई की देर शाम ओमप्रकाश की पत्नी भूमिका, अजय, संजीव, नारायण सिंह और वेदराम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *