चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर लगाए गए पोस्टरों से हड़कंप मच गया। सेक्टर-17 के एक पेट्रोल पंप एचजी पेट्रो केयर पर टू-व्हीलर के लिए ₹500 और फोर-व्हीलर के लिए ₹1500 की लिमिट के नोटिस लगा दिए गए। पंप के मुलाजिम उजगार सिंह ने बताया कि हमारे पास पीछे से पेट्रोल की सप्लाई कम आ रही है। पोस्टर सामने आते ही शहर में पेट्रोल संकट और सप्लाई कम होने की चर्चा तेज हो गई। हालांकि प्रशासन तुरंत हरकत में आया और साफ किया कि ऐसी कोई आधिकारिक लिमिट लागू नहीं की गई है। DC निशांत यादव ने बयान देकर कहा कि पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर कोई रोक या सीमा तय नहीं है। ऑयल कंपनियों ने भी पर्याप्त स्टॉक और सामान्य सप्लाई की पुष्टि की है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। चंडीगढ़ में 86 पेट्रोल पंप, सिर्फ एक पर लगे पोस्टर
चंडीगढ़ में करीब 86 पेट्रोल पंप हैं, लेकिन पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए लिमिट के पोस्टर अभी सिर्फ सेक्टर-17 स्थित पंप पर ही लगे हैं। सेक्टर 17 के पेट्रोल पंप में आज से ही यह फैसला लागू किया गया। इसके पीछे पंप मुलाजिमों का कहना है कि लोगों को कोई दिक्कत न आए, इसके चलते पेट्रोल पंप पर इस बारे में नोटिस लगा दिया गया है। सुबह से ही उसी हिसाब से पेट्रोल और डीजल लोगों को मुहैया करवाया गया। हालांकि उन्होंने माना कि इस संबंध में अभी प्रशासन की ओर से कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जिसकी पुष्टि अब डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने भी कर दी है। दूसरे पंप के मैनेजर बोले- 4 हजार लीटर खपत बढ़ी
सेक्टर-10 पेट्रोल पंप के मैनेजर ने बताया कि उनके यहां पहले पेट्रोल और डीजल की खपत करीब 22 हजार लीटर थी, जो अब बढ़कर 26 हजार लीटर हो गई है। उनके यहां हर रोज 25 हजार लीटर की गाड़ी आती है, लेकिन रविवार को नहीं आई थी। जिस कारण थोड़ी दिक्कत आई थी। आज सामान्य है। कस्टमर बोले- फैसला सही, लोग बचत करेंगे
सेक्टर-17 के पंप पर गाड़ी में पेट्रोल डलवाने आए राजेश शर्मा ने कहा कि पेट्रोल पर 1500 रुपए तक की कैंपिंग का फैसला बहुत सही है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति की गाड़ी में तय सीमा में पेट्रोल होगा तो वह उतनी ही गाड़ी घुमाएगा। मेरा मानना है कि इससे लोगों का ही फायदा होगा। चंडीगढ़ प्रशासन की अहम बातें…. पेट्रोल-डीजल और CNG के रेट बढ़े
15 मई को पेट्रोल और डीजल पर 3 रुपए प्रति लीटर रेट बढ़ा दिए थे। जिससे पंजाब के शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया। वहीं चंडीगढ़ में दाम ₹94.30 से बढ़कर ₹97.44 और डीजल ₹82.45 प्रति लीटर से बढ़कर ₹85.56 प्रति लीटर हुए। 16 मई को कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के रेट भी बढ़ गए थे। थिंक गैस ने CNG की कीमत में 2 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की। वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने CNG के दाम में 1.25 रुपए की बढ़ोतरी की। देश में तेल की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हाल के दिनों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। रेट बढ़ने के बाद आम लोगों के बजट पर सीधा असर पड़ा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर तेल की कीमतें बढ़ क्यों रही हैं। कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों का असर
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चा तेल आयात करता है। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल महंगा होता है, तो उसका सीधा असर घरेलू पेट्रोल-डीजल कीमतों पर पड़ता है। अमेरिका-ईरान जंग शुरू होने के बाद दुनियाभर में तेल की कीमतें 50% तक बढ़ी हैं। ईरान पर अमेरिकी हमले के एक दिन पहले यानी 27 फरवरी को इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमत 72.87 डॉलर प्रति बैरल थी, जो 11 मई को 103.78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं। ईरान जंग के चलते तेल-गैस की सप्लाई प्रभावित
ईरान के साथ इजराइल और अमेरिका की जंग के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल और गैस सप्लाई की सप्लाई प्रभावित है। भारत अपनी जरूरत का लगभग 85% तेल आयात करता है, जिसमें से आधा तेल होर्मुज स्ट्रेट से होकर आता है। लेकिन युद्ध के चलते ये रास्ता बंद है। इससे भारत को तेल खरीदी में दिक्कतें आ रही हैं। 60 दिन के लिए कच्चे तेल का स्टॉक मौजूद
केंद्र सरकार ने दावा किया कि विशाखापट्टनम, मंगलुरु और पादुर के स्टोरेज प्लांट में 5.53 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) कच्चा तेल रखने की कैपिसिटी है। इनमें अभी 64% यानी लगभग 3.37 MMT कच्चा तेल भरा है। हरदीप पुरी के मुताबिक भारत के पास 60 दिन के कच्चा तेल का स्टॉक मौजूद है। ******** ये खबर भी पढ़ें: क्या पंजाब में 15 दिन बाद फिर बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल रेट: वह भी ₹3 प्रति लीटर से ज्यादा, घर खर्च ₹1 हजार ज्यादा होगा; सवाल-जवाब में जानिए पंजाब में पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ चुके हैं। पेट्रोल की कीमत सभी जिलों में 100 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा हो चुकी है। डीजल के रेट में भी 3 रुपए से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि दोबारा तो इसके रेट नहीं बढ़ेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)