हरियाणा के महेंद्रगढ़ के एक सरकारी स्कूल में बच्चे फर्श पर झाड़ू-पोछा लगाते दिखे। कोई बेंच साफ कर रहा था, तो कोई पोछा लगा रहा था। स्कूल में कोई टीचर भी आसपास नहीं था। स्कूल में रंग-रोगन का कार्य चल रहा है, जिसके चलते फर्श पर गिरे कलर को बच्चे साफ करते दिखे। वीडियो सामने आने के बाद बच्चों के पेरेंट्स ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से इसकी शिकायत कर स्कूल प्रशासन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, स्कूल प्रिंसिपल ने सफाई देते हुए कहा कि बच्चे खुद साफ कर रहे थे, किसी टीचर ने नहीं कहा था। मामले में महेंद्रगढ़ के बीईओ जगमाल सिंह ने कहा कि वीडियो अभी देखा है। इस बारे में प्रिंसिपल से बात की जा रही है, जल्द ही जरूरी एक्शन लिया जाएगा। स्कूल में सफाई करते बच्चों के PHOTOS… पहले जानिए VIDEO में क्या दिख रहा… अब जानिए पूरा मामला… एलएनबी राजकीय विद्यालय का मामला महेंद्रगढ़ के सतनाली कस्बा स्थित एलएनबी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बच्चे साफ सफाई करते दिखे। ग्रामीणों का कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजते हैं, लेकिन स्कूल मे जाने के बाद उनसे फर्श धुलवाए जा रहे हैं। ग्रामीण बोले- बच्चों ने सफाई की बात मानी ग्रामीण अंकित राठौड़, सुनील कुमार, राजेश, नीरज ने बताया कि मंगलवार सुबह स्कूल में विद्यार्थियों से साफ-सफाई करवाने व फर्श धुलवाने का वीडियो देखा तो यकीन नहीं हुआ। हमने बच्चों से पूछा तो सच्चाई का पता चला। प्रिंसिपल बोले- बच्चों ने मर्जी से धोया फर्श इस बारे में स्कूल प्राचार्य जयवीर सिंह ने बताया कि स्कूल में रंग-रोगन का कार्य चल रहा है। जिस कारण कक्षाओं में बैंच व फर्श पर सफेदी के छींटे गिर गए थे। बच्चों ने खुद अपनी मर्जी से सुबह आकर उन छींटों को साफ करने के लिए सफाई की होगी। स्कूल के किसी शिक्षक की ओर से कोई साफ सफाई कार्य नहीं करवाई गई है।