रेवाड़ी में एक खनन माफिया एनफोर्समेंट टीम के जासूसी कर रहा है। टीम जहां-जहां टीम जाती है माफिया को पहले ही उसकी जानकारी मिल जाती थी। जिससे टीम के पहुंचने से पहले ही ओवरलोड वाहन इधर-उधर कर दिए जाते थे। गढ़ी बोलनी रोड पर एनफोर्समेंट टीम ने कार सहित एक आरोपी को पकड़ा। जो सूचना देने के बदले 20 हजार रुपए लेता था। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने एएसआई संदीप की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मदन, राजस्थान बहरोड़ के गांव कांकर का रहने वाला है। कई दिन से दे रहे थे चकमा एएसआई संदीप ने मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि, वह हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की टीम में है और माइनिंग विभाग के साथ मिलकर अवैध खनन में लगे वाहनों की जांच करते हैं। पिछले कई दिन ने अवैध खनन से जुड़े वाहन पकड़ में नहीं आ रहे थे। सोमवार को हम गढ़ी बोलनी रोड पर जांच के लिए निकले। रास्ते से एक वैगननार गाड़ी ने हमारा पीछा करना शुरू कर दिया। शक होने पर हमने गाड़ी चालक को पकड़कर पूछताछ की तो टीम की जासूसी का खुलासा हुआ। वाहन बदल-बदल कर करते थे पीछा एएसआई संदीप ने बताया कि, टीम जब भी जांच के लिए निकलती तो पहले से ताक में खड़े जासूस उनके पीछे लग जाते। किसी को शक न हो, इसके लिए वाहन बदल-बदल कर टीम की लोकेशन व्हाट्सअप ग्रुप में शेयर कर दी जाती थी। जिससे टीम का पता चलने के बाद अवैध खनन में लगे वाहन अंडरग्राउंड हो जाते। जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है। अनिल ने 20 हजार में सौंपा था काम पूछताछ में पकड़े गए आरोपी मदन ने बताया कि उसे अनिल ने 20 हजार में रुपए यह काम सौंपा था। जिसमें मुझे टीम के थाने से बाहर निकलने के बाद व्हाटसअप पर मैसेज करना था। आज शाम करीब 7 बजे भी में टीम की लोकेशन लेने के लिए यहां पहुंचा था और आपकी लोकेशन व्हाट्सअप से अनिल को दे दी गई है। मेरे द्वारा भेजी गई सूचना अनिल आगे ट्रांसपोर्टरों को देता है। गाड़ी में मिली एक डायरी में कई ड्राइवरों के लाइसेंस भी मिले। जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी सहित ड्राइवर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।