क्रिकेट खेलने के दौरान झगड़ा, दो समुदायों के बीच मारपीट:दरभंगा में पत्थरबाजी का वीडियो आया सामने; ग्रामीण बोले- लड़की को भी नहीं छोड़ा

दरभंगा के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अराई गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान झगड़ा हुआ। इसने दो समुदायों के बीच तनाव का रूप ले लिया। घटना के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भाई -बहन मारपीट में घायल हुए है। एहतियात के तौर पर 6 थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और पुलिस प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। पत्थरबाजी का वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान किसी बात को लेकर हिंदू और मुस्लिम पक्ष के युवकों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों ने एक हिंदू युवक की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की बहन के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। छह थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए मब्बी, सिंहवाड़ा, कमतौल, सदर और कोतवाली थाना की पुलिस को भी बुलाया गया। करीब छह थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। पुलिस की ओर से क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT),ब्रज वाहन को भी तैनात किया गया है। कमतौल एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन स्वयं मौके पर कैंप कर रहे हैं और लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लड़की के साथ भी हुई मारपीट ग्रामीण किशनी देवी ने बताया कि बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान मुसलमान पक्ष के कुछ युवक वहां पहुंचे और जबरदस्ती खेलने की बात करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक फाइटर, पिस्तौल लेकर आए थे और बच्चों के मना करने पर मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि पहले एक बच्चे को पीटा गया, फिर उसे बचाने पहुंची उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई और उसका दुपट्टा खींच लिया गया। ग्रामीण महिला ने दावा किया कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है। प्रत्यक्षदर्शी विकास कुमार ने बताया कि वे लोग क्रिकेट मैच खेल रहे थे, तभी चार मुस्लिम युवक वहां पहुंचे और खेलने की जिद करने लगे। मना करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीण संजू देवी ने कहा कि लड़की को भी नहीं छोड़ा गया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। घायल बच्चों की मां शकुंतला देवी ने बताया कि उनका बेटा क्रिकेट खेल रहा था। जब उसकी बहन भाई को बचाने गई, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी का इलाज अस्पताल में चल रहा है और परिवार न्याय की मांग कर रहा है। घटनास्थल पर पहुंचे दैनिक भास्कर के सिंहवाड़ा प्रखंड रिपोर्टर दिगंबर ठाकुर के साथ सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार की ओर से बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रिपोर्टिंग करने पहुंचे पत्रकार से थानाध्यक्ष ने तीखे लहजे में कहा कि “यहां कोई पत्रकार नहीं पहुंचा है, तुम क्यों पहुंचे हो मेरे क्षेत्र में। मुझसे पूछकर मेरे क्षेत्र में आया करो।” सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार से जब पूछा गया कि भास्कर के प्रखंड रिपोर्टर को घटनास्थल पर जाने से क्यों रोका गया और रिपोर्टिंग करने से रोकने के पीछे उनका क्या मकसद था, तो वे कुछ देर के लिए शांत हो गए। इसके बाद उन्होंने कहा कि “ऐसा कुछ नहीं है” और फिर चुप्पी साध ली। कमतौल एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पूरी रात गांव में कैंप करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा गांव के लोगों के साथ बैठक भी की गई है और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *