हरियाणा में 38 साल बाद सबसे गर्म रात:22-23 मई को बूंदाबांदी की संभावना, चल सकती हैं तेज हवाएं, सिरसा सबसे गर्म शहर

हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहने के बाद फिर से गर्मी तेज होने की संभावना है। बुधवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक बना हुआ है। जिस कारण लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हो रहा है। मिल सकती है आज से थोड़ी राहत मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 22 मई की रात और 23 मई को पश्चिमी विक्षोभ तथा राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आंशिक प्रभाव से प्रदेश में आंशिक बादलवाही, धूलभरी हवाएं और कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 24 से फिर रहेगा शुष्क मौसम हालांकि, 24 मई से 27 मई तक प्रदेश में मौसम फिर से शुष्क और अत्यधिक गर्म रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दिनों कई स्थानों पर हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 22 से 23 मई के बीच भी कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। रात के तापमान ने तोड़ा रिकार्ड वहीं, हरियाणा में रात के टेंपरेचर ने 38 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भिवानी में रात का पारा 36.6 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 1988 में गुरुग्राम में यह 34.8 डिग्री दर्ज हुआ था। जिसके चलते रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। इससे रात को भी राहत नहीं मिल रही। 8 शहरों में रात का पारा 30 से अधिक प्रदेश में हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, नूहं व रोहतक का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया। जिससे रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही। गुरुवार को सिरसा रहा सबसे गर्म प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 45.5 डिग्री, हिसार में 44.3 डिग्री, अंबाला में 44.2 डिग्री और नारनौल में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बढ़ने लगी बिजली की डिमांड बढ़ती गर्मी की वजह से कूलर, पंखे व एसी भी ज्यादा चलने लगे हैं। जिसके कारण बिजली डिमांड भी बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह में बिजली की डिमांड बढ़कर 26 करोड़ यूनिट से ज्यादा हो गई है। जो पिछले हफ्ते से साढ़े 4 करोड़ यूनिट ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *