यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। बांदा लगातार 5वें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। दिन का तापमान 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। 2 दिन पहले पारा 48.2°C पहुंच गया था। गुरुवार को प्रदेश के 7 शहरों में अधिकतम तापमान 45°C के पार चला गया। प्रयागराज में 46.6°C, वाराणसी में 45.6°C, हमीरपुर-सुल्तानपुर में 45.2°C और अमेठी में 45.1°C रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में तापमान 43.6°C रहा, जो इस सीजन में सबसे ज्यादा है। आज 50 जिलों में गर्मी और (हीटवेव) लू का अलर्ट है। इनमें 11 जिलों के लिए लू का रेड अलर्ट है। यानी झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी और बहुत ही ज्यादा गर्म हवाएं चलेंगी। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में गर्म रातों का ऑरेन्ज और पूर्वी यूपी में गर्म रातों का रेड अलर्ट है। यानी यहां रात के वक्त भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। पारा 25°C-30°C के करीब रहेगा। लखनऊ में हीट स्ट्रोक और गर्मी के मरीजों के लिए अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड बनाया गया है। सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया- अस्पताल में तीन कमरों वाला एक कोल्ड रूम एरिया भी तैयार किया गया है, जहां लगातार एसी चल रही है। ORS और आइस पैक का इंतजाम किया गया है। चित्रकूट में गोवंशों को ठंडक पहुंचाने के लिए शावर सिस्टम लगाया गया है। गोवंशों को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शेड के अंदर ही रखा जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई में ही जून जैसी तपिश भरी गर्मी महसूस हो रही है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मणिपुर की ओर से उत्तरी यूपी से होते हुए एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में पुरवाई (पूर्व दिशा से चलने वाली हवा) चल रही है। इसने गर्मी बढ़ा दी है। तेज धूप और लू से वास्तविक तापमान से 2°C-3°C ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। फिलहाल 7 दिन तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है। मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले गर्मी में पानी बचाने के 11 तरीके जान लीजिए गर्मियों में पीने, नहाने, खाना पकाने और साफ-सफाई में भी पानी की खपत बढ़ जाती है। इसलिए ‘जरूरत की खबर’ में आज हम पानी स्टोर करने के आसान टिप्स समझेंगे। साथ ही जानेंगे- गर्मियों में पानी की किल्लत क्यों होती है और गर्मियों में घर में कितने पानी का स्टोरेज होना चाहिए? पूरी खबर पढ़ें… अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? यूपी के मौसम की पल-पल की अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-