जहानाबाद में एनकाउंटर- हत्या के आरोपी को दौड़ाकर गोली मारी:हथियार रिकवर करने के दौरान पुलिस पर फायरिंग की; 5 दिनों में ये छठा एनकाउंटर

जहानाबाद में गुरुवार की रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास हुई। अपराधी की पहचान बिक्कू सिंह उर्फ रावण के रूप में हुई है। SP अराजित लोहान ने बताया, 18 मई की शाम चातर गांव में दीपक कुमार की हत्या हुई थी। बिक्कू सिंह उर्फ रावण (20) उसमें मुख्य आरोपी था। बिक्कू सिंह नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार मोहल्ले में रहता है। मौके से आई कुछ तस्वीरें देखिए… हथियार रिकवर करने के दौरान फायरिंग की SP ने आग बताया, पुलिस ने हत्या के मामले में बिक्कू सिंह को गिरफ्तार किया था। हम उससे हथियार बरामद करने के लिए पूछताछ कर रहे थे। उसने बताया कि घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास नहर के किनारे हथियार छिपाया है। पुलिस उसे लेकर हथियार बरामद करने मौके पर पहुंची। जैसे ही बिक्कू सिंह ने हथियार निकाला, उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। अपराधी द्वारा की गई फायरिंग में घोसी थाने की गाड़ी गोली लगी, हालांकि इसमें कोई पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे अपराधी बिक्कू सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को तत्काल घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। क्या है पूरा मामला ? सोमवार (18 मई) की रात भेलावर थाना क्षेत्र के डेढ़सैया गांव में दीपक कुमार शर्मा नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बुलेट सवार 2 हमलावरों ने दीपक के सिर में गोली मारी थी। दीपक चातर गांव निवासी कौशल किशोर शर्मा का पुत्र था। बताया जाता है कि दीपक बिक्कू सिंह के साथ मिलकर छोटे-मोटे अपराध करता था। पुलिस जांच में बिक्कू सिंह उर्फ रावण का नाम निकलकर आया। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। जिसमें उसे गुरूवार को गिरफ्तार कर लिया गया। 5 दिनों में 6वां एनकाउंटर सम्राट सरकार में 5 दिन में ये 6वां एनकाउंटर है। जहानाबाद से पहले पुलिस ने सोमवार(18 मई) की सुबह-सुबह सीवान में जामापुर सोना दुकान लूटकांड के एक आरोपी को दौड़ाकर पैर में गोली मारी थी। वहीं पटना में एक शिक्षक से लूटपाट और गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक अपराधी संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी प्रिंस पकड़ा गया। जबकि मंगलवार(19 मई) की सुबह पटना में दिनदहाड़े सिक्योरिटी वैन से 27 लाख लूट में शामिल बदमाश को पुलिस ने दौड़ाकर गोली मारी है। गोली पैर में लगी है। बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बुधवार(20 मई) की अहले सुबह समस्तीपुर में पुलिस और बदमाशों की बीच 5 राउंड फायरिंग हुई। एनकाउंटर में बदमाश प्रिंस को पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *