ऋषिकेश में होटल की पांचवीं मंजिल से लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार 6 पर्यटक घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए ऋषिकेश AIIMS में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक जर्नलिस्ट भी हैं। हादसा गुरुवार देर रात तब हुआ, जब हरियाणा के फरीदाबाद से आए दोस्त खाना खाने के बाद टहलने के लिए लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। घटना के PHOTOS… सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पूरी खबर… 1. फरीदाबाद से उत्तराखंड घूमने आया था 25-30 लोगों का ग्रुप- घायल पर्यटक मनोज सूर्यवंशी ने बताया कि फरीदाबाद से करीब 25 से 30 दोस्तों का एक ग्रुप हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल घूमने के लिए उत्तराखंड आया हुआ था। ऋषिकेश में इन सभी लोगों ने वीरभद्र रोड स्थित ‘होटल टस्क’ में कमरे लिए हुए थे और वहीं रुके थे। 2. रेस्टोरेंट से लौटते वक्त हादसा- गुरुवार रात करीब 8:00 से 8:30 बजे के बीच सभी दोस्त खाना खाने के लिए होटल की पांचवीं मंजिल (फिफ्थ फ्लोर) पर बने रेस्टोरेंट में गए थे। भोजन करने के बाद इनमें से 5-6 लोग नीचे आने के लिए जैसे ही लिफ्ट में सवार हुए, तभी अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया। लिफ्ट बिना रुके पांचवीं मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आकर धड़ाम से गिरी। 3. हादसे में टूटे पैर, होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप- लिफ्ट के नीचे गिरते ही उसमें चीख-पुकार मच गई। हादसे में मनोज सूर्यवंशी, वरुण कुमार, रूपेश और चेतन सहित 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों के मुताबिक, उनके साथी चेतन के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि अन्य पर्यटकों के हाथ और शरीर के बाकी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों ने सीधे तौर पर होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 4. मौके पर पहुंची पुलिस, एम्स में कराया भर्ती- होटल में लिफ्ट गिरने की सूचना मिलते ही एम्स पुलिस चौकी की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तत्काल एम्बुलेंस बुलाई और सभी घायलों को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स ऋषिकेश) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है। ———————————– ये खबर भी पढ़ें… ऋषिकेश में 2 युवक फोटो खिंचवाते समय गंगा में बहे:अमरोहा से दोस्तों के साथ घूमने आए थे, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी ऋषिकेश के प्रतिबंधित घाट पर फोटो खींचते समय यूपी के दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर गंगा में बह गए। दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने आए थे। सूचना मिलते ही एसडीआएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। (पढ़ें पूरी खबर)