ड्रग तस्कर लड्डू की अवैध बिल्डिंग गिराई, नशा बेच खड़ी की थी इमारत

भास्कर न्यूज| जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के न्यू हरदयाल नगर इलाके में पुलिस और नगर निगम की टीम ने मिलकर एक नामी नशा तस्कर विजय कुमार उर्फ लड्डू की अवैध बिल्डिंग को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह इमारत नशे की काली कमाई से और बिना किसी मंजूरी के बनाई गई थी। इस कार्रवाई से साफ कर दिया गया है कि अवैध धंधे से बनाई गई संपत्तियों पर आगे भी ऐसा ही एक्शन होगा। प्रशासन को खबर मिली थी कि कुख्यात तस्कर विजय कुमार ने सरकारी कायदे-कानूनों को ताक पर रखकर न्यू हरदयाल नगर में एक नाजायज इमारत खड़ी कर ली है। इसके बाद ज्वाइंट सीपी संदीप शर्मा, एडीसीपी-1 आकर्षी जैन और एसीपी आतिश भाटिया की अगुवाई में पुलिस की कई टीमें नगर निगम के दस्ते के साथ मौके पर पहुंच गईं। किसी भी तरह के हंगामे या विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया और जेसीबी मशीनों की मदद से कुछ ही देर में अवैध कब्जे को मलबे में मिला दिया गया। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि जिस विजय कुमार उर्फ लड्डू की बिल्डिंग गिराई गई है, उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह इलाके का बड़ा ड्रग तस्कर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं के तहत करीब 20 मामले दर्ज हैं। हैरानी की बात यह है कि विजय अकेले इस धंधे में नहीं था, बल्कि उसका पूरा परिवार भी नशा तस्करी में शामिल था और इस वक्त पूरा का पूरा परिवार कपूरथला जेल में बंद है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद सिर्फ बिल्डिंग गिराना नहीं, बल्कि नशे के सौदागरों की आर्थिक कमर और उनके हौसलों को पूरी तरह से तोड़ना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जालंधर में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *