यूपी में पेट्रोल-डीजल किल्लत पांचवे दिन बरकरार:प्रतापगढ़ में जिला जज पैदल कोर्ट पहुंचे, महराजगंज में टेंट मच्छरदानी लगाकर पंप बने रैन बसेरा

यूपी में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल के दाम 93 पैसे और डीजल के दाम 92 पैसे प्रति लीटर बढ़े हैं। महज 9 दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले, 19 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, 15 मई को कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। इधर, महाराजगंज में कई पेट्रोल पंपों पर पांचवें दिन भी लाइन है। लोग बड़े-बड़े कंटेनर लेकर पहुंच रहे हैं। रात के वक्त लोग पंपों के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहे हैं। ताकि सुबह पंप खुलते ही डीजल ले सकें। एक पंप पर शुक्रवार देर रात डीजल न मिलने पर किसानों ने पंप कर्मचारियों को पीट दिया। हालांकि, यूपी के राज्य स्तरीय समन्वयक (तेल उद्योग) के कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। सभी जगह पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। यूपी में पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बीच प्रतापगढ़ के जिला जज राजीव कमल पांडे समेत सभी न्यायिक अधिकारी एक किलोमीटर पैदल चलकर कोर्ट पहुंचे। वहीं, शाहजहांपुर की कटरा सीट से भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह उर्फ प्रिंस घोड़े पर सवार होकर कार्यक्रम में जा रहे हैं।
ईंधन की किल्लत से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *