हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर में आग लगने के मामले की जांच होगी। इस घटना के बाद जांच के लिए उच्च स्तरीय तथ्य जांच समिति का गठन किया गया है। यह कमेटी आग लगने के कारणों, सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित चूक और नुकसान का आकलन करेगी। आज टीम घटनास्थल पर पहुंचेगी। यह जांच समिति तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। हालांकि घटना के बाद केंद्र को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। आग से हुए नुकसान की मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के बाद ही केंद्र को दोबारा पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। DC विश्राम कुमार मीणा ने अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य (ADC) को समिति का अध्यक्ष बनाया है। तकनीकी कारणों से आग की आशंका DC विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि शुरुआती जांच में गर्मी और तकनीकी कारणों से आग लगने की आशंका है, लेकिन असली कारण का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही होगा। समिति को घटनास्थल का निरीक्षण, अग्नि सुरक्षा सिस्टम, विद्युत व्यवस्था और संबंधित रिकॉर्ड की जांच के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही हुई तो जिम्मेदारी होगी तय अगर जांच के दौरान किसी एजेंसी, अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आई, तो जिम्मेदारी भी तय होगी। इसके साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुधारात्मक और निवारक सुझाव भी दिए जाएंगे। फिलहाल प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल इस घटना के बाद महाभारत अनुभव केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और बेसमेंट में बड़ी संख्या में बैटरियां रखने के इंतजामों पर भी सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, कल रविवार को महाभारत अनुभव केंद्र के बी-ब्लॉक के बेसमेंट में अचानक आग लग गई थी। बेसमेंट में सोलर ऊर्जा पैनलों से जुड़ी करीब 200 बैटरियां रखी हुई थीं। बैटरियों में हुए जोरदार धमाके प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद बैटरियों में लगातार धमाके होते रहे। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सावधानी के साथ रेस्क्यू किया और आग बुझाई। फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से बेसमेंट में रखी 200 से ज्यादा बैटरियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। तीन AC भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने किया था उद्घाटन करीब 206 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। केंद्र में डिजिटल तकनीक, लाइट एंड साउंड शो और महाभारत व श्रीमद्भगवद्गीता से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियों को आधुनिक तरीके से प्रस्तुत किया जाता है। समिति में छह मेंबर शामिल इस समिति में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (KDB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीडब्ल्यूडी एंड बीआर (विद्युत) अंबाला के कार्यकारी अभियंता, जिला फायर ब्रिगेड के अधिकारी और हरियाणा पर्यटन निदेशक के प्रतिनिधि को मेंबर के तौर पर शामिल किया गया है।