गुरुग्राम में गर्लफ्रेंड के रूम पर वाइफ का मर्डर:डेडबॉडी बाथरूम में बंद कर पति और प्रेमिका फरार, 3 महीने पहले हुई थी शादी

गुरुग्राम जिले के मानेसर में लिवइन पार्टनर के रूम में ले जाकर पत्नी की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। जांच के दौरान पता चला है कि मृतक मधु घर से भागकर नहीं गई थी, बल्कि उसका पति अंकित उसे स्कूटी पर बैठाकर ले गया था। हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने के बजाय, आरोपी ने उसे बाथरूम में बंद कर दिया और अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया। पुलिस ने रविवार को जब बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर से मधु का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मधु के पिता अशोक ने आरोप लगाया है कि 21 मई को पति अंकित और उसके परिजनों ने उनके घर आकर झूठी कहानी बताई कि मधु ज्वैलरी लेकर फरार हो गई है। जब वे पुलिस में रिपोर्ट लिखवाने गए, तो अंकित 22 मई को अचानक से लापता हो गया। अब डेडबॉडी मिलने के बाद पता चला कि मधु का बेरहमी से मर्डर किया गया है। शादी के 90 दिनों के भीतर खूनी अंत परिजनों के अनुसार मृतका मधु की शादी इसी साल 19 फरवरी को मानेसर गांव के रहने वाले अंकित भगत के साथ हुई थी। अंकित कोई नौकरी नहीं करता और खेतीबाड़ी का काम करता है। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 21 मई को अचानक मधु संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जब मधु का कोई अता-पता नहीं चला, तो उसके मायके वाले परेशान हो गए। इस बीच, ससुराल वालों ने संवेदनशीलता की सारी हदें पार करते हुए मृतका के पिता अशोक को फोन कर एक घिनौना झूठ बोला। ससुराल वालों ने दावा किया कि आपकी बेटी घर से सारे सोने-चांदी के गहने और जेवरात लेकर किसी के साथ भाग गई है। पड़ोसियों की जानकारी से खुला राज ससुराल वालों की बातों पर शक होने पर मायके वाले तुरंत 21 मई को ही मानेसर थाने पहुंचे और गुमशुदगी की जानकारी दी। इसके बाद मायके वालों ने अपने स्तर पर भी मधु की तलाश शुरू की। इसी दौरान पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने 21 मई को मधु को उसके पति अंकित के साथ स्कूटी पर बैठकर जाते हुए देखा था। इस सुराग के बाद पुलिस और मायके वालों का शक अंकित पर गहरा गया। जब अंकित के बैकग्राउंड की जांच की गई, तो पता चला कि उसने दो साल पहले मानेसर बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर ले रखा था, जहां एक अन्य युवती उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। बाथरूम से आ रही थी असहनीय बदबू रविवार दोपहर को जब मानेसर थाना पुलिस उस किराये के मकान पर पहुंची, तो कमरा बाहर से बंद था। जैसे ही पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, अंदर का नजारा देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए। पूरे कमरे में तेज बदबू फैली हुई थी। पुलिस जब अंदर बने बाथरूम की तरफ बढ़ी, तो वहां मधु का बुरी तरह सड़ चुका शव बरामद हुआ। सूत्रों के मुताबिक 22 मई की रात को मकान के आसपास रहने वाले लोगों ने अंकित और उसकी प्रेमिका को हड़बड़ाहट में कमरे से भागते हुए देखा था। आशंका जताई जा रही है कि अंकित ने 21 या 22 मई की रात को ही वारदात को अंजाम दे दिया था। आरोपी जोड़े की तलाश में जुटी पुलिस इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम के बाद मायके वालों ने मानेसर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर पति अंकित और उसकी प्रेमिका पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। दोनों आरोपी पिछले दो दिनों से पुलिस को चकमा दे रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच कर रही मानेसर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही समय और सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार अंकित और उसकी प्रेमिका की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *