‘पढ़ाई करता हूं, परीक्षा के समय सब्जेक्ट बदल जाता है’:मुजफ्फरपुर में विजय सिन्हा बोले- अपराधी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

“मैं तो तल्लीनता से पढ़ाई करता हूं, लेकिन परीक्षा देने के समय सब्जेक्ट ही बदल जाता है। फिर भी परीक्षा देने की कोशिश करता हूं। पढ़ाई करता हूं तो पढ़ाने वाले लोग ही बेईमान निकलते हैं और जब उन पर कार्रवाई करता हूं तब तक सब्जेक्ट बदल जाता है।” सोमवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक कार्यक्रम में ये बातें कही। दरअसल, कृषि मंत्री राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र में आयोजित “बिहार लीची संगम : बाग से निर्यात तक” कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि वह पूरी तल्लीनता से पढ़ाई करते हैं, लेकिन परीक्षा देने के समय उनका सब्जेक्ट ही बदल दिया जाता है। मंत्री के इस बयान को विभाग बदलने के संदर्भ में देखा जा रहा है। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग भी एक-दूसरे से चर्चा करते नजर आए। सबसे पहले कार्यक्रम की 3 तस्वीरें देखिए ‘लीची उत्पादकों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीर’ मुजफ्फरपुर के राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लीची वैज्ञानिक, किसान और कृषि विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लीची किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जब मंत्री खुद ग्राउंड पर उतरकर काम कर रहे हैं तो अधिकारियों को भी मैदान में उतरना होगा। सरकार बिहार के किसानों और खासकर लीची उत्पादकों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है। किसानों ने सरकार से लीची फसल बीमा लागू करने की मांग की कार्यक्रम के दौरान लीची किसान मालती देवी ने मंच से अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि वह 11 एकड़ में लीची की खेती करती हैं, लेकिन इस बार ‘स्टिंग बग’ की वजह से उत्पादन काफी कम हुआ है। उन्होंने सरकार से लीची फसल का भी बीमा लागू करने की मांग की। मालती देवी ने कहा कि अगर ऐसी स्थिति बनी रही तो किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगे। वहीं, एक अन्य किसान ने लीची को दूसरे राज्यों तक भेजने में होने वाली परेशानियों की जानकारी मंत्री को दी। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि लीची किसानों को बेहतर बाजार, परिवहन सुविधा और तकनीकी सहयोग देने की दिशा में काम किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि बिहार की पहचान कृषि और बागवानी से है और सरकार किसानों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा इससे पहले विजय सिन्हा ने बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार की खुशहाली, समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना की। मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि बाबा गरीबनाथ गरीबों का कल्याण करने वाले हैं। गंगा दशहरा और सोमवार के पावन अवसर पर उन्होंने बाबा से बिहार को अराजकता और विकारों से मुक्त करने की प्रार्थना की है। डबल इंजन की सरकार बिहार को लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है और सरकार जनता की सेवक बनकर काम कर रही है। विजय सिन्हा के मुजफ्फरपुर दौरे की 3 तस्वीरें देखिए SSC की तैयारी कर रही छात्रा से रेप पर बोले- अपराधी को नहीं बख्शा जाएगा पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की मछली गली इलाके में 3 दिन पहले SSC की तैयारी कर रही 26 साल की छात्रा से रेप मामले पर विजय सिन्हा ने कहा कि जो भी अपराधी होगा, उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। बिहार सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर और कटिबद्ध है। डीजीपी स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है और महिलाओं के साथ गलत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। दरअसल, पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया था कि गुरुवार देर रात को बॉयफ्रेंड ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान वो उसके साथ संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। लड़की ने विरोध किया तो प्रेमी ने गर्दन और हाथ पर चाकू से हमला कर दिया। बॉयफ्रेंड ने चाकू की नोंक पर उसके साथ संबंध बनाया। घायल छात्रा बदहवास हालत में इलाज कराने IGIMS पहुंची, जहां से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पेट्रोल-डीजल कीमतों पर प्रतिक्रिया पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इसके लिए सरकार नहीं बल्कि वैश्विक परिस्थितियां जिम्मेदार हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले बदलावों का असर ईंधन की कीमतों पर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *