हमीरपुर कोर्ट में हथियार लेकर पहुंचा शख्स:पत्नी से चल रहा विवाद, पुलिस कर्मियों से भिड़ा, एक अधिकारी को लगी चोट

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला न्यायालय में सोमवार सुबह हड़कंप मच गया। भोरंज क्षेत्र का एक व्यक्ति रमन कुमार हथियार लेकर कोर्ट परिसर में घुस गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कोर्ट में इतनी सुरक्षा के होते हुए व्यक्ति कोर्ट तक पहुंचा कैसे , यह बड़ा सवाल है। यह घटना कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, क्योंकि मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर भीतर कैसे पहुंचा। उसकी मानसिक स्थिति और कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस कर्मियों से झड़प, एक पुलिस अधिकारी को चोट यह घटना सुबह करीब 11 बजे की है। न्यायालय में विभिन्न मामलों की सुनवाई के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और आरोपी मौजूद थे। जब पुलिसकर्मियों ने रमन कुमार को हथियार के साथ देखा, तो उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ झड़प करने की कोशिश की, जिसमें एक पुलिस अधिकारी को हल्की चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार जब्त कर लिया और उसे सदर थाने की टीम को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पत्नी से चल रहा विवाद प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी रमन कुमार का अपनी पत्नी के साथ किसी मामले को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। बताया जा रहा है कि वह वहां एक पुलिसकर्मी को धमकी भी दे रहा था। सुरक्षा में चूक की जांच की जा रही एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर का कहना है कि व्यक्ति वेपन को लेकर कोर्ट परिसर में पहुंचा था। वहां सिक्योरिटी तैनात रहती है। अलग-अलग मामलों को लेकर पुलिस के कर्मचारी भी वहां थे उसे वेपन सहित वहां समय पर पकड़ लिया गया था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पत्नी के साथ डिस्प्यूट भी चल रहा है जो मामला कोर्ट में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *