एटा में विश्व फुटबॉल दिवस के अवसर पर जिला फुटबॉल संघ द्वारा खिलाड़ियों और खेल क्लबों को प्रोत्साहित किया गया। यह कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज एटा मैदान पर आयोजित किया गया, जहाँ विगत 25 वर्षों से फुटबॉल प्रशिक्षण अभियान संचालित है। इस दौरान मंडल एवं राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ फुटबॉल क्लब में चयनित खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कासगंज फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु टीम कोच इमरान खान को फुटबॉल भेंट की गई। इस पहल का उद्देश्य खेल को बढ़ावा देना था। माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिला विद्यालय निरीक्षक एवं प्रधानाचार्य प्रशांत कुलश्रेष्ठ ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रतिवर्ष 25 मई को विश्व फुटबॉल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने फुटबॉल के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लगभग 2000 वर्ष पूर्व चीन में फुटबॉल से मिलता-जुलता खेल खेला जाता था, जबकि आधुनिक फुटबॉल की शुरुआत इंग्लैंड से मानी जाती है। वर्ष 1863 में इंग्लैंड में फुटबॉल के नियम और कायदे निर्धारित किए गए थे। जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक एवं एआरएम संजीव कुमार ने खिलाड़ियों को फुटबॉल खेल के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फुटबॉल आज विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल बन चुका है। 90 मिनट तक खेले जाने वाले इस खेल से खिलाड़ियों में निरंतर गतिशीलता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता विकसित होती है। संजीव कुमार ने कहा कि फुटबॉल जीवन में संघर्ष और समर्पण की प्रेरणा देता है। जिला फुटबॉल संघ के सचिव राजीव यादव ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान पर उतरने के लिए प्रेरित किया। उत्तर प्रदेश फुटबॉल टीम के कोच अनूप दुबे ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद, मंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए उत्साहित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की यात्रा व्यवस्था जिला फुटबॉल संघ द्वारा कराई जाएगी। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर लगातार फुटबॉल प्रशिक्षण दे रहे कोच मनोज कुमार को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजीव वर्मा, शिवकुमार द्विवेदी, सेवाराम, मनीष दुबे, सुशील यादव शैलू, प्रभात, ललित नॉक्स, नवजोत सिंह, सिद्धार्थ यादव, दीक्षा, काव्या, सौरव, अभिषेक, विक्की, रजत, जिगर चौहान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।