मोहाली में नाबालिग को रेप कर खिड़की से फेंका:मां ने गिरते हुए देखा तो मचाया शोर, लोग जुटे तो आरोपी सब्जी विक्रेता मौके से फरार

मोहालीसे इंसानियत को तार-तार कर देने वाला एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक सब्जी बेचने वाले युवक पर 15 वर्ष की एक नाबालिग लड़की के साथ रेप करने का आरोप लगा है। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी ने ​विरोध करने पर पीड़िता को दूसरी मंजिल की खिड़की से सड़क पर फेंक दिया। ऊंचाई से गिरने के कारण नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गई है। खिड़की से गिरते हुए मां ने देखा और मौके पर पहुंची। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। माँ ने आँखों के सामने बेटी को खिड़की से गिरते देखा मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली पीडि़ता का परिवार यहां रहकर मेहनत मजदूरी करता है। पीड़िता की माँ ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मोहाली के विभिन्न घरों में साफ-सफाई (कोठियों का काम) करती है और उसकी नाबालिग बेटी भी कभी-कभी काम में हाथ बंटाने उसके साथ जाती थी। 27 मई को दोपहर करीब 1:00 बजे काम खत्म करने के बाद माँ अपनी बेटी से मिलने के लिए जंडपुर रोड पर स्थित सब्जी की दुकान के पास पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब उसकी बेटी वापस नहीं आई तो चिंतित माँ उसकी तलाश में चिराग होम्स सेक्टर 123 की तरफ जाने लगी। इसी दौरान जैसे ही उसकी नजर सड़क किनारे बनी दुकानों के ऊपर दूसरी मंजिल के एक कमरे पर पड़ी, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने देखा कि आरोपी रवि उसकी मासूम बेटी को खिड़की से नीचे की तरफ धक्का दे रहा था। भीड़ इकट्ठा होते ही आरोपी फरार, अस्पताल में खुली कड़वी सच्चाई बेटी को ऊपर से गिरता देख बेबस माँ ने चीख-पुकार मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी रवि मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान और अचेत अवस्था में नाबालिग को तुरंत मोहाली के सिविल अस्पताल (फेज-6) में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल में जब पीड़िता को होश आया, तो उसने रोते हुए अपनी माँ को पूरी सच्चाई बताई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी रवि उसे जबरन बहला-फुसलाकर ऊपर अपने कमरे में ले गया था, जहाँ उसने उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने खुद को बचाने के लिए शोर मचाना शुरू किया तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उसे खिड़की से नीचे फेंक दिया पॉक्सो (POCSO) सहित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर खरड़ पुलिस हरकत में आई और पीड़िता व उसकी माँ के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी रवि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) (नाबालिग से दुष्कर्म), 81 (हत्या का प्रयास) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 6 के तहत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *