पंजाब लोकराज पार्टी पंजाब के अध्यक्ष किरणबीर सिंह कंग ने आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान की निंदा की है। मुख्यमंत्री मान ने कहा था कि इस कदम से पंजाबियों को धोखा दिया जा रहा है। संगरूर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कंग ने कहा कि ये राज्यसभा सदस्य चुनाव जीतकर नहीं आए हैं, बल्कि मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्तिगत रूप से चुने गए खास लोग हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान को अनुचित बताया। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस जिला अध्यक्ष एडवोकेट परमिंदर सिंह संधू के नेतृत्व में एक स्थानीय होटल में आयोजित की गई थी। पंजाब को कर्ज आधारित मॉडल से बाहर निकलना चाहिए इस दौरान किरणबीर कंग ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का दृष्टिकोण भी प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी पंजाब के लोगों की आर्थिक गरिमा, सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक आत्मसम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सुनिश्चित करेगी। कंग ने पार्टी के रोडमैप को स्पष्ट करते हुए कहा कि पंजाब को कर्ज-आधारित मॉडल से बाहर निकालना चाहिए। उन्होंने कृषि को उद्योग का दर्जा देने, खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने, कृषि उत्पादों की खरीद सुनिश्चित करने और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। ड्रग्स पर नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। नहरों की सिंचाई का विस्तार, वर्ष जल संचयन समय की जरूरत है किरणबीर कंग ने भूजल संरक्षण, नहरों से सिंचाई का विस्तार, वर्षा जल संचयन और फसल विविधीकरण को वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकताएं बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सुरक्षा, सस्ती बिजली और अनावश्यक करों से राहत प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी। सामाजिक क्षेत्र में, स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। कंग ने यह भी कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में कार्रवाई होनी चाहिए और उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।