पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने चंडीगढ़ में कहा कि भाजपा और आप एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों दल अपने राजनीतिक विरोधियों को दबाने और डराने के लिए एजेंसियों का सहारा लेते हैं। भाजपा केंद्र में ED का डर दिखाती है, तो पंजाब में आप सरकार विजिलेंस का दुरुपयोग कर विरोधियों को चुप कराना चाहती है। लेकिन कांग्रेस न ED से और न विजिलेंस से डरती है। चंडीगढ़ में हुई प्रदेश कांग्रेस की मंथन बैठक के बाद बघेल ने कहा कि कांग्रेस पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क यात्रा शुरू करेगी। हर हलके में 3 दिन की पदयात्रा कांग्रेस ने जमीन पर उतरने का प्लान तैयार किया है। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे। प्रत्येक क्षेत्र में तीन दिनों तक यात्रा चलेगी, जहां लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। कांग्रेस जल्द ही पंजाब की आप सरकार की कमियों पर एक चार्जशीट जारी करेगी। कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर उठाए सवाल बैठक के दौरान बघेल ने पंजाब में बढ़ते भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई। हाल ही में हुए बम धमाकों पर उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य और केंद्र दोनों सरकारें समान रूप से जिम्मेदार हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज पंजाब का आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। आप को मिला अपने जैसा ही प्रतिद्वंद्वी : राजा वड़िंग पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी कहा कि भाजपा और आप मिलकर लोगों को गुमराह करने का खेल खेल रहे हैं। वड़िंग ने कहा कि जब राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के घर छापेमारी हुई, तो वे अगले दिन भाजपा में शामिल हो गए। अब संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी भी इसी राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आप सरकार पंजाब में पुलिस और विजिलेंस का दुरुपयोग करती आई है, अब भाजपा उनके साथ वही कर रही है।