CBI से बचने को आरोपी ओपी राणा की नई दलील:पंजाब विजिलेंस रिश्वत केस में नया मोड; बोले-रिश्वत नहीं, फूल खरीदने गया था

13 लाख रुपये रिश्वत मामले में पंजाब विजिलेंस के डीजीपी के रीडर रहे आरोपी ओपी राणा ने सीबीआई कार्रवाई से बचने के लिए अदालत में नई दलील पेश की है। आरोपी ने दावा किया कि वह रिश्वत की रकम लेने नहीं गया था, बल्कि सेक्टर-34 में खरीदारी और सेक्टर-35 की फूल मार्केट में फूल लेने गया था। सीबीआई की विशेष अदालत में आरोपी के वकील ने कहा कि जांच एजेंसी की ट्रैप वाली कहानी गलत है। आरोपी 11 मई की शाम को सेक्टर-34 स्थित शाम फैशन मॉल में खरीदारी करने गया था। इसके बाद वह सेक्टर-35 की फूल मार्केट पहुंचा, जहां एक दुकान की सीसीटीवी फुटेज में भी उसके दिखाई देने का दावा किया गया। आरोपी बोला चंडीगढ़ बर्थडे पार्टी में गया था वकील ने अदालत को यह भी बताया कि आरोपी बाद में सेक्टर-7 में एक बर्थडे पार्टी में गया था। बचाव पक्ष ने खरीदारी के बिल भी कोर्ट में पेश किए। इसी आधार पर आरोपी की ओर से शाम फैशन मॉल और सेक्टर-35 फूल मार्केट के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की गई, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। हालांकि, इन दलीलों के बावजूद आरोपी को राहत नहीं मिल सकी। अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सीबीआई ने आरोपी के दावों का कड़ा विरोध किया। बचने के लिए झूठी कहानी रच रहा आरोपी सीबीआई के पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नरेंद्र सिंह ने अदालत में कहा कि आरोपी ने बचने के लिए यह कहानी बनाई है। जांच एजेंसी ने कहा कि अदालत में पेश किए गए बिलों में आरोपी का नाम तक नहीं है। सीबीआई ने यह भी दलील दी कि आरोपी खुद मान रहा है कि वह जेडब्ल्यू मैरियट होटल के आसपास मौजूद था। शाम फैशन मॉल और फूल मार्केट दोनों ही होटल के पास स्थित हैं, जहां सीबीआई ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी रिश्वत की रकम लेने मौके पर पहुंचा था, लेकिन सीबीआई को चकमा देकर फरार हो गया। सीबीआई की दलील: जांच में शामिल नहीं हुआ आरोपी सीबीआई ने अदालत को बताया कि जब जांच टीम आरोपी के घर पहुंची और परिवार के जरिए उसे बुलाने की कोशिश की गई, तब भी वह जांच में शामिल नहीं हुआ। फिलहाल आरोपी फरार है और विभाग की ओर से उसे सस्पेंड भी किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *