INLD विधायक बोले- अपनी जगह महिला को चुनाव लड़ाऊंगा:विधायक-मंत्रियों की पत्नियां सिर्फ कवरिंग कैंडिडेट, विज की पत्नी होती तो वह उन्हें जरूर लड़ाते

2029 विधानसभा चुनाव मैं खुद नहीं लड़ूंगा। मैं अपनी जगह एक सक्षम महिला कैंडिडेट को मौका दूंगा। हमारी पार्टी महिलाओं को 33% टिकट देने पर काम करेगी। 2026 में महिला मतदाताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए अब समय आ गया है कि महिलाओं को नेतृत्व की मुख्य भूमिका दी जाए। लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33% आरक्षण को लेकर भाजपा और विपक्षी पार्टियों में विवाद के बीच डबवाली से इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के विधायक आदित्य देवीलाल ने यह बात कही। दैनिक भास्कर से बातचीत में आदित्य देवीलाल ने कहा- अभी कई विधायक और मंत्री हैं, जो चार से पांच बार जीतकर आए हैं। ये अपनी पत्नियों को आगे लेकर क्यों नहीं आए? जब ये कवरिंग कैंडिटेट अपनी पत्नियों को बनाते हैं, तो उनको फ्रंट कैंडिडेट क्यों नहीं रखते। मैं तो पहली बार चुनाव जीत कर पहुंचा हूं। अनिल विज साहब की तो घरवाली नहीं है, होती तो वह जरूर अपनी सीट से उन्हें लड़ाते। बोले- हरियाणा में 50 प्रतिशत आरक्षण मिले आदित्य देवीलाल ने 2003 की उस मुलाकात का भी जिक्र किया, जब उनके दादा और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मुलाकात कर महिलाओं को 33% आरक्षण देने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में करीब 48 प्रतिशत महिला वोटर हैं, इसलिए आरक्षण 33 प्रतिशत के बजाय 50 प्रतिशत होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे पर बिल के जरिए राजनीति कर रही है। उनका कहना है कि जो बिल 2023 में लागू हो चुका है, उसे सही तरीके से लागू किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को अभी महिलाओं की ताकत का पूरा अंदाजा नहीं है। आदित्य देवीलाल के बयान के क्या मायने? 1. महिला वोटर को ध्यान में रखना
हरियाणा में महिला वोटर तेजी से बढ़ रही हैं। कई बार उनकी वोटिंग पुरुषों के बराबर रहती है। ऐसे में 33% टिकट देने की बात महिलाओं को आकर्षित करने की कोशिश मानी जा रही है। 2. पार्टी की नई इमेज बनाना
INLD को अब तक एक पारंपरिक और खास वर्ग की पार्टी माना जाता रहा है। यह फैसला पार्टी को आधुनिक और प्रगतिशील दिखाने की कोशिश है, ताकि युवा और महिला वोटर जुड़ सकें। 3. नई पीढ़ी को आगे लाने का संकेत
खुद चुनाव न लड़ने की बात करना यह दिखाता है कि पार्टी अब नई पीढ़ी और महिलाओं को मौका देना चाहती है। 4. 2029 के लिए तैयारी
2029 के चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन अभी से ऐसी घोषणा करना दिखाता है कि पार्टी लंबे समय की योजना बना रही है और माहौल तैयार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *